कासगंज। अमृत योजना के तहत शहर को शुद्ध पानी देने में बिजली निगम की अनदेखी रोड़ा बन गई है। दो माह पहले कनेक्शन के लिए निर्धारित फीस जमा कराने के बाद भी बिजली निगम ने जल निगम के नलकूपों को अब तक कनेक्शन नहीं किया है। ऐसे में जिले के लोगों के लिए शुद्ध पानी का इंतजार बढ़ गया है।
शहर के लोगों को शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए अमृत योजना के तहत लंबे समय से काम चल रहा है। प्रथम चरण का काम पूरा होने के बाद द्वितीय चरण का काम लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। पहले चरण का काम पूरा करने के बाद शहर के लोगों को जलनिगम कनेक्शन दे चुका है।
इसके साथ ही लोगों को योजना के तहत शुद्ध पानी देने का लक्ष्य मार्च माह तक था। ऐसे में दो माह पूर्व जल निगम ने नलकूपों पर विद्युत कनेक्शन के लिए विद्युत निगम को निर्धरित फीस जमा कर दी। अलग-अलग नलकूपों के लिए एस्टीमेट के आधार पर अलग-अलग धनराशि जमा हुई। हालांकि अब तक विद्युत निगम ने नलकूपों को कनेक्शन नहीं दिया है।
अब है अप्रैल तक का लक्ष्य
यूं तो पहले चरण में मार्च में ही शहरवासियों को अमृत योजना के तहत पानी देने का लक्ष्य था। हालांकि अब बिजली निगम की अनदेखी और दूसरे चरण का लगभग 20 प्रतिशत काम शेष रहने के कारण अप्रैल माह में कनेक्शनधारकों को योजना के तहत पानी देने का लक्ष्य है।
आंकड़े की नजर से-
- 2089 कनेक्शन धारक है पहले चरण के शहर में।
- 2 जोन बनाकर अलग अलग लगाए गए हैं नलकूप।
- 4 नलकूप लगाए गए हैं दोनों जोन में।
- 5 लाख से अधिक धनराशि अलग अलग एस्टीमेट के अनुसार बिजली विभाग को दी गई।
- बिजली निगम को कनेक्शन के लिए एस्टीमेट के अनुसार धनराशि दी जा चुकी है। कई बार स्मरण पत्र लिख चुके हैं। इसके बावजूद बिजली निगम ने अभी तक कनेक्शन नहीं दिया। बस एक नलकूप पर केबिल खींच दी है।
- डीके सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम।
- हाल ही में मामला संज्ञान में आया है। जानकारी हुई है कि मेटेरियल न होने के कारण कनेक्शन में विलंब हुआ। जल्द ही नलकूपों के कनेक्शन करा दिए जाएंगे।
- पीएम प्रभाकर अधीक्षण अभियंता।