खंदौली थाना क्षेत्र के पोइया गांव स्थित उजाला कोल्ड स्टोरेज में शनिवार शाम अमोनिया गैस का रिसाव होने से अफरातफरी मच गई। मजदूर और कर्मचारी घबराकर बाहर भागने लगे। मशीन रूम में मरम्मत कार्य हो रहा था। करीब आधे घंटे तक रिसाव होता रहा। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने स्थिति को संभाला।
विज्ञापन
कोल्ड स्टोरेज के मालिक कमला नगर निवासी मनीष बंसल ने बताया कि रोजाना की तरह शाम करीब 4:30 बजे गैस नियंत्रण वाॅल्व बंद किया जा रहा था, तभी अचानक वाॅल्व टूट गया। गनीमत रही कि समय पर फायर ब्रिगेड पहुंच गई। टीम ने गैस के प्रभाव को कम करने के लिए दो दमकल से पानी का छिड़काव किया।
फायर अधिकारी सोमदत्त ने बताया की मशीन रूम में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। सुरक्षा किट पहनकर टीम मशीन रूम में पहुंची और गैस पर काबू पाया। पूरा वाॅल्व ही पाइप से हटा हुआ था, जिससे भारी मात्रा में गैस निकल रही थी। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संस्थानों में नियमित सुरक्षा जांच कराई जाए और गैस रिसाव जैसी घटनाओं से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।