डॉ. अजीत सिंह अंडर-19 क्रिकेट चैंपियनशिप
आगरा। डॉ. अजीत सिंह अंडर-19 क्रिकेट चैंपियनशिप में शनिवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में नेशनल क्रिकेट एकेडमी ने आरएस-11 को 155 रन से करारी शिकस्त दी। वहीं दूसरे मुकाबले में स्टार नेक्स्ट एकेडमी ने मान्या एकेडमी को तीन विकेट से हरा दिया।
पहले मुकाबले में आरएस-11 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। नेशनल क्रिकेट एकेडमी ने आठ विकेट पर 248 रन बनाए। कप्तान अमित तरकर ने 34 गेंदों में 103 और तनिष्क ने 75 रन बनाए। वंश ने चार विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरएस-11 की पूरी टीम 93 रन पर सिमट गई। अनुज ने तीन, हेमंत, अंकित और तनिष्क ने दो-दो विकेट चटकाए। अमित तरकर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार डॉ. अजीत सिंह ने प्रदान किया।
दूसरे मुकाबले में मान्या एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 164 रन बनाए। हिमांशु सागर ने 105 रन बनाए। लवेश कुमार ने चार और अनुज ने तीन विकेट लिए। जवाब में स्टार नेक्स्ट एकेडमी ने 19.4 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। चक्रेश ने 41 और जतिन ने 40 रन का योगदान दिया। ध्रुव ने तीन और दुष्यंत ने दो विकेट लिए। लवेश कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी मनिक बेनी ने दिया।
अंपायरिंग असीम पाल, बाबुल और शम्मी अली ने की। नरेंद्र शर्मा और देव पांडे ने कमेंट्री जबकि धीरज और आसिफ शमीम ने स्कोरिंग की। इस मौके पर डॉ. वीपी सिंह, शंकर और दीपू शर्मा ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।