आगरा। रूसी भाषा के आम बोलचाल के शब्दों का उच्चारण किस प्रकार किया जाना चाहिए। रूसी साहित्य और संस्कृति को करीब से जानेंगे डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभाग के छात्र। विवि के पालीवाल पार्क स्थित कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशी हिंदी तथा भाषा विज्ञान विद्यापीठ में बुधवार को रूसी भाषा, साहित्य और संस्कृति पर 15 दिवसीय विशेष व्याख्यान शृंखला की शुरुआत की गई।
26 नवंबर से 12 दिसंबर चलने वाले इस व्याख्यान का आयोजन रूस की आधिकारिक संस्था रोसोत्रुदनिचेस्तवा तथा दिल्ली स्थित रूसी संस्कृति केंद्र के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यशाला के लिए रूस से दो मूलभाषी विशेषज्ञ मिखाईल कुजनेत्सोव और अलेक्सांद्रा वरोना विश्वविद्यालय पहुंचे हैं। वह रूसी भाषा के व्यावहारिक प्रयोग, सांस्कृतिक पृष्ठभूमि और साहित्यिक परंपराओं की जानकारी देने के साथ प्रशिक्षण देंगे। केएमआई निदेशक प्रो. प्रदीप श्रीधर ने कहा कि मूलभाषी शिक्षकों से सीधे सीखने से उनकी भाषाई दक्षता और समझ में सकारात्मक वृद्धि होगी। विदेशी भाषा विभाग समन्वयक डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि विभाग समय-समय पर छात्रों के हित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता है और आगे भी इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। इस दौरान शिक्षक डॉ. आदित्य प्रकाश, विशाल शर्मा, अंगद कुमार, कृष्ण कुमार तथा डॉ. संदीप सिंह उपस्थित रहे।