फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला पड़ताल: कागजों में लगे 1.03 लाख पौधे..., जमीनी हकीकत में सिर्फ गड्ढे

Tue, 14 Jul 2020 12:11 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

  • नगर निगम ने ट्री गार्ड लगाकर छोड़ दिया, पौधे लगाए ही नहीं
  • अमर उजाला पड़ताल में खुली नगर निगम के दावों की पोल
विज्ञापन
कमला नगर में सिर्फ ट्री गार्ड लगे, पौधे नहीं - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में पौधारोपण अभियान के तहत शहर में नगर निगम ने 1.03 लाख पौधे लगाने की रिपोर्ट वन विभाग को दी है, लेकिन मौके पर पौधे नहीं, सिर्फ गड्ढे हैं। सोमवार को अमर उजाला टीम की पड़ताल में यह हकीकत सामने आई। पौधारोपण सप्ताह समाप्त हो चुका है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर पौधे लगाए हैं तो वो कहां गए? ट्री गार्ड हैं, गड्ढे हैं लेकिन पौधे नहीं हैं।
विज्ञापन


कमला नगर-बल्केश्वर : सिर्फ ट्री गार्ड लगाए, पौधे नहीं


नगर निगम ने कमला नगर और बल्केश्वर में सीमेंटेड ट्री गार्ड को लगाया है लेकिन अंदर पौधे ही नहीं लगाए हैं। ट्री गार्ड के अंदर पौधे न लगाकर प्रदेश सरकार के अभियान से खिलवाड़ किया गया। यह हाल वहां का है जहां मेयर नवीन जैन खुद रहते हैं।

मदिया कटरा रोड : गड्ढे करके छोड़े, पौधे नहीं लगाए

नगर निगम ने मदिया कटरा रोड पर मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के अंदर 21 हजार और बाहर 19,500 पौधे लगाने का दावा किया है लेकिन संस्थान के बाहर केवल गड्ढे किए गए हैं। इनमें पौधे एक सप्ताह बीतने के बाद भी नहीं लगए गए। मदिया कटरा रोड पर ही निर्मल हाइट के सामने गड्ढों में एक भी पौधा नहीं मिला। संस्थान के अंदर गड्ढे तो कराए गए हैं लेकिन अभी उनमें पौधे काफी कम हैं। 
विज्ञापन

जीआईसी मैदान के सामने डिवाइडर पर सिर्फ गड्ढे, पौधे नहीं हैं। - फोटो : अमर उजाला
सुभाष पार्क-जीआईसी रोड : खाली पड़ा डिवाइडर

नगर निगम ने डिवाइडर पर 8,500 पौधे रोपने का दावा किया था, लेकिन पंचकुइयां से जीआईसी और सुभाष पार्क से पंचकुइयां के बीच डिवाइडर पूरी तरह से खाली था। यहां 70 में से 52 गड्ढों में पौधे लगे ही नहीं। यहां बीते साल लगाए पौधे ही नजर नहीं आ रहे। जीआईसी मैदान के किनारे से कोठी मीना बाजार तक निजी संगठन के पौधे तो जीवित हैं लेकिन नगर निगम का पौधा एक भी नजर नहीं आ रहा।  

पंचकुइयां कब्रिस्तान : दावा पांच हजार का, मौजूद 500 भी नहीं

पंचकुइयां कब्रिस्तान में नगर निगम ने पांच हजार पौधे लगाने का दावा किया है लेकिन यहां इनकी संख्या 500 भी नहीं है। जो गड्ढे किए गए उनमें नाममात्र के लिए पौधे लगाए गए। जो अब एक सप्ताह बाद सूख चुके हैं। बेहद छोटी पौध इन गड्ढों में लगाई गई जो ज्यादा दिन जीवित नहीं रह पाएंगे। 

पार्षद बोले - पौधे लगाए ही नहीं है तो कहां से मिलेंगे

पार्षद मनीष अग्रवाल ने कहा कि न तो जमुना किनारे पर नगर निगम के लगाए पौधे दिखाई दे रहे हैं और ना विजयनगर और रिंग रोड पर। खाली ट्री गार्ड रखे गए हैं जिनके अंदर पौधे ही नहीं है। ऐसे पौधारोपण अभियान का क्या फायदा जिसे कागजों पर किया जाए। इसकी जांच होनी चाहिए। यह खिलवाड़ आखिर किसने किया। 

पंचकुइयां कब्रिस्तान में भी सिर्फ गड्ढे - फोटो : अमर उजाला
लोहामंडी के पार्षद शरद चौहान ने कहा कि नगर निगम जितने पौधों का दावा कर रहा है उतने पौधे मेरे क्षेत्र में नहीं लगाए गए। मालवीय कुंज के पार्क में या किसी दूसरे पार्क में एक भी पौधा नहीं लगाया गया है। पूरे पौधारोपण कार्यक्रम में किसी पार्षद को बुलाया नहीं। आखिर अधिकारी यह पर्देदारी क्यों कर रहे हैं। 

अशोक नगर के पार्षद राजेश प्रजापति ने कहा कि पंचकुइयां कब्रिस्तान में नगर निगम ने केवल गड्ढे किए हैं। कोई पौधा वहां नहीं लगा। यह प्रदेश सरकार की मंशा के साथ मजाक हो रहा है। जो अधिकारी यह गड़बड़ी कर रहे हैं। उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यह कागजी खेल बंद करने के लिए सख्ती की जरूरत है। 

ये पौधे लगाने का दावा

अनार, अमरूद, जामुन, किन्नू, आंवला, कटहल, नीम, लिसौड़ा, शहतूत, सहजन, गुलमोहर, गूलर, पाकड़, बरगद, बेलपत्र, यूकेलिप्टस, कंजी, शीशम सहित अन्य पौधे लगाने का दावा नगर निगम ने किया है।

यहां पौधे लगाने का दावा

शूटिंग रेंज - 9,500, जिला जेल की बाउंड्री - 21,000, मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के अंदर - 19,500, आगरा कॉलेज- 1,000, कालिंदी विहार डिवाइडर - 2,000, अलबतिया रोड डिवाइडर - 2,800, शहर के सभी डिवाइडर, रोड साइड पटरी - 8,200, शहर के पार्क - 12,315,  पार्कों के अंदर - 20,000, पंचकुइयां
कब्रिस्तान - 5000 पौधे।
 

विभाग और पौधे लगाने का लक्ष्य
वन विभाग - 13,18,900
पर्यावरण विभाग - 65,900
ग्राम्य विकास - 13,64,400
राजस्व विभाग - 1,54,300
पंचायतीराज - 1,54,300
आवास विकास - 8,900
औद्योगिक विकास - 4,100
नगर विकास- 1,85,600
लोक निर्माण - 13,500
सिंचाई/जलशक्ति - 13,500
रेशम विभाग - 19,407
कृषि - 2,61,400
पशुपालन - 6,200
सहकारिता - 5,500
उद्योग विभाग - 10,600
ऊर्जा विभाग - 5,000
माध्यमिक शिक्षा - 3,100
बेसिक शिक्षा - 3,100
प्राविधिक शिक्षा - 6,700
उच्च शिक्षा - 25,500
श्रम विभाग - 4,200
स्वास्थ्य विभाग - 10,700
परिवहन विभाग - 4,200
रेलवे - 20,600
रक्षा विभाग - 8,900
उद्यान विभाग - 93,900
पुलिस विभाग - 8,900

 
विज्ञापन

सभी जगह पौधे लगाए जाएंगे

नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने कहा कि नगर निगम मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के बाहर और अंदर, सभी सड़कों के डिवाइडर और साइड पटरी पर तथा कॉलोनियों के अंदर पौधे लगा रहा है। सभी पौधे परिसरों के अंदर लग रहे हैं, ताकि सुरक्षित रह सकें। ये सभी पौधे वन विभाग ने उपलब्ध कराए हैं। 

उन्होंने कहा कि डिवाइडर पर ट्री गार्ड के साथ पौधा रोपण किया गया है। शहर में 10 स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधे लगाने के लिए जगह चिह्नित की है। यह संभव है कि कुछ जगह गड्ढे खाली रह गए हो, लेकिन जहां गड्ढे हुए हैं, उन सभी जगह पौधे लगाएंगे और इसे सुनिश्चित करेंगे। 

पौधों की होगी जियो टैगिंग

डीएफओ मनीष मित्तल ने कहा कि इस अभियान में जितने भी पौधे लगाए गए हैं, हर विभाग को उनकी जियो टैगिंग करानी होगी। जियो टैगिंग के बाद यह एकदम स्पष्ट हो जाएगा कि पौधा लगाया गया या नहीं। कितने पौधे लगाए गए, यह सभी डिजिटल मॉनिटरिंग से साफ हो जाएगा। विभागों से हमने अपील की है कि वह अपने लक्ष्य के मुताबिक पौधे लगाएं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें