अमर उजाला की ओर से गुरुवार को पुलिस की पाठशाला का आयोजन फिरोजाबाद के रसीदपुर कनेंटा स्थित आईवी इंटरनेशनल स्कूल में किया। इसमें एसपी आरए महेंद्र सिंह ने छात्राओं को सुरक्षा संबंधित कई टिप्स दिए।
उन्होंने समझाया कि जुर्म को सहन न करें, बल्कि उसके खिलाफ आवाज उठाएं। छात्राओं का हौसला बढ़ता हुए कहा कि कमजोर नहीं मजबूत बनें, हालातों से हताश नहीं होना चाहिए। जूझना चाहिए और हिम्मत के साथ आगे बढ़कर अपनी बात रखनी चाहिए।
एसपी आरए महेंद्र सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए डायल 100 एवं 1090 वुमेन हेल्पलाइन नंबर है। घर से निकलते समय कहीं भी कोई परेशान करता है, फोन पर परेशान करता है तो 1090 पर शिकायत करें। उन्होंने कहा कि कोई छेड़छाड़ करता है तो उसका विरोध करें।
सुरक्षा सुझाव के संबंधित बुकलेट दी
चुप्पी साधने से अपराध बढ़ता है। अब तो कानून ऐसे बन गए हैं, अगर कोई एक मिनट महिला को घूर के देख ले तो यह अपराध की श्रेणी में आ जाता है। छात्राओं को सुरक्षा सुझाव के संबंधित बुकलेट भी बांटी। उन्होंने नोबेल विजेता मलाला के जीवन से प्रेरणा लेने को कहा।
स्कूल की कई छात्राओं ने कानून व्यवस्था, छेड़छाड़, पुलिस कार्यशैली से संबंधित सवाल पूछे। एसपी ने सभी सवालों के जवाब दिए। छात्रा साइनी ने कहा कि हमने इस पाठशाला से महिला सुरक्षा संबंधित जानकारी ली। बहुत से सवाल मन में थे, वो एसएसपी सर से पूछे। पुलिस के प्रति भरोसा जागा।
छात्रा खतीजा ने कहा कि आज के समय महिला सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। ऐसी पाठशाला से छात्राओं को ज्ञान अर्जित हुआ कि अगर कोई छेड़छाड़ करे तो उसे कैसा जवाब देना है। अब डरेंगे नहीं, शोहदों का मुकाबला करेंगे।
अमर उजाला की पहल को सराहा
छात्रा कीर्ति ने कहा कि कोई घटना होती है या कोचिंग जाते में परेशान करता है। अब हमें जानकारी हो गई कि किस प्रकार ऐसे लोगों को सबक सिखाना है। अमर उजाला की पाठशाला में सीखने मिला। वहीं कॉलेज के प्रिंसिपल ने अमर उजाला की पहल को सराहा।
प्रिंसिपल नंदिनी यादव ने कहा कि पुलिस की पाठशाला, अमर उजाला की यह पहल काफी सराहनीय है। छात्राएं भी जागरुक हो और अच्छे बुरे में अंतर को पहचानें। अगर छात्राओं को समस्या है तो वह अपने अभिभावक, शिक्षक से कहें। सफर करते समय, स्कूल जाते समय सतर्क रहें।