अमर उजाला के अभिनव अभियान ‘मां तुझे प्रणाम’ के नौवें संस्करण को लेकर भाजपा और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों में खासा उत्साह है। मंगलवार को अमर उजाला कार्यालय में बैठक के दौरान उन्होंने जश्न-ए-आजादी के उत्सव में न सिर्फ भागीदारी निभाने का संकल्प लिया बल्कि इस आयोजन को शहर के कोने-कोने तक फैलाने का जज्बा दिखाया।
विज्ञापन
महापौर नवीन जैन ने तो धारा 370 हटने के बाद देश की अखंडता को दर्शाती कश्मीर की झांकी निकालने का एलान कर दिया। साथ ही 15 अगस्त पर तिरंगी रोशनी होगी ही, पूरे महीने शहर में जश्न-ए-आजादी का माहौल रहेगा।
स्वतंत्रता दिवस से पहले स्वच्छता अभियान चलेगा। मुख्य मार्गों को तिरंगे चूने से सजाया जाएगा। भाजपाइयों का कहना था कि ‘मां तुझे प्रणाम’ अब सिर्फ अमर उजाला का ही नहीं, शहरभर का आयोजन हो चुका है।
विज्ञापन
Trending Videos
चौधरी बाबूलाल, पूर्व सांसद ने कहा कि अमर उजाला की यह अनूठी पहल है। सामाजिक संगठनों के साथ-साथ आम लोगों में इसे उत्सव के रूप में मनाने को लेकर जागरूकता आई है। ब्रजक्षेत्र उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस पर रन फॉर यूनिटी का पहली बार आयोजन होने जा रहा है। यह अच्छी पहल है। इसमें अधिक से अधिक लोग भाग ले सकेंगे। युवा भी जागरूक हो रहे हैं।
महानगर अध्यक्ष, विजय शिवहरे ने कहा कि ये अमर उजाला की ही पहल है, जो 15 अगस्त को पूरा शहर देशभक्ति में डूब नजर आता है। इसे और आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सब शहरवासियों की है। जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया का कहना है कि देशभक्ति के इस अवसर पर लोगों को स्वच्छता का संदेश भी देने की दिशा में कदम उठाए जाने चाहिए, जिससे कि गंदगी न करना लोगों की आदत में शुमार हो जाए।
सुनील पाराशर, प्रांत उपाध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ शहर के प्रमुख क्षेत्रों तक ही सीमित न रहे। कॉलोनी और बस्तियों तक में इसे पहुंचाना होगा। इसके लिए विहिप और बजरंग दल पूरे प्रयास करेगा। शरद चौहान, पार्षद बोले कि देशभक्ति के इस पर्व पर पूर्व की भांति पौधरोपण का कार्यक्रम भी होना चाहिए ताकि लोग पर्यावरण के प्रति भी जागरूक हो सकें।