पवन यादव के वीडियो प्रदेश स्तर पर हुए चयनित
जैन इंटर कॉलेज के प्रवक्ता पवन यादव ने भी कोरोना महामारी के दौरान तकनीकी शिक्षा के ज्ञान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पवन यादव के वीडियो माध्यमिक शिक्षा परिषद ने चयनित किए। उनके वीडियो दूरदर्शन के माध्यम से कक्षा 11 और 12 के छात्र-छात्राओं के लिए प्रदेश भर में प्रसारित कराए गए।
पवन यादव का कहना है कि परिस्थितियां ही आदमी को आगे बढ़ाने का कार्य करती हैं। कोरोना महामारी से जहां भौतिक रूप से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई वहीं तकनीकी शिक्षा को पंख लगे हैं।
छात्र बोले- तकनीकी ज्ञान बढ़ा
12वीं के छात्र पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान जब कॉलेज बंद हो गए तब एकबार महसूस हुआ कि अब तो बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो जाएगी। इसी समय कॉलेज की तरफ से ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था शुरू की गई, जिससे बोर्ड परीक्षा की तैयारी का संकट समाप्त हुआ। कोरोना महामारी के बीच तकनीकी ज्ञान बढ़ा है।
10वीं के छात्र अमन कुमार ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई। एक बार को ऐसा लग रहा था कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी कैसे हो सकेगी। ट्यूशन भी बंद हो गई। व्हाट्सएप, दूरदर्शन और विभिन्न लिंक के माध्यम से जो तकनीकी शिक्षा प्राप्त हुई वह छात्र-छात्राओं के लिए जीवन दायिनी साबित हुई।