एडीए प्रशासन ने एक निजी स्कूल के बच्चों से लाॅटरी निकलवाई। इस दौरान समूची कार्यवाही का एडीए के यू-ट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण किया गया। कुल 215 भूखंडों के लिए पंजीकरण अवधि के दौरान आए 575 आवेदनों में से पात्रता जांच के बाद सफल आवेदकों के बीच ड्रॉ हुआ।
ताजनगरी के आवास प्रेमियों के लिए बृहस्पतिवार का दिन खुशियों भरा रहा। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की अटलपुरम टाउनशिप के सेक्टर-8 में फेज 3 में भूखंडों के आवंटन के लिए सूरसदन प्रेक्षागृह में लॉटरी ड्रॉ का आयोजन किया गया। पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई इस प्रक्रिया में 163 भाग्यशाली आवेदकों को विभिन्न श्रेणियों में भूखंड आवंटित किए गए। इस आवंटन से एडीए के खजाने में करीब 63.10 करोड़ रुपये की आय होगी।
विज्ञापन
लॉटरी प्रक्रिया को संदेह से परे रखने के लिए सेवानिवृत्त जनपद न्यायधीश दिनेश कुमार की उपस्थित में एडीए प्रशासन ने एक निजी स्कूल के बच्चों से लाॅटरी निकलवाई गईं। इस दौरान समूची कार्यवाही का एडीए के यू-ट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण किया गया। कुल 215 भूखंडों के लिए पंजीकरण अवधि के दौरान आए 575 आवेदनों में से पात्रता जांच के बाद सफल आवेदकों के बीच ड्रॉ हुआ।
इस दौरान एमआईजी-1 में 42, एमआईजी-2 में 5 और एमआईजी-3 में 59 भूखंड आवंटित हुए। वहीं, एचआईजी श्रेणी में 50 और सुपर एचआईजी में सात आवेदकों के नाम लॉटरी निकली। एडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि जिन आवेदकों का नाम लॉटरी में नहीं आ सका है, उन्हें पंजीकरण धनराशि बिना किसी कटौती के अगले पांच कार्यदिवस के भीतर उनके बैंक खातों में वापस भेज दी जाएगी। ड्रॉ के दौरान एडीए के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आवेदक मौजूद रहे।