महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष भीषम पाल
आगरा। बेसिक शिक्षा विभाग में उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति के लिए जारी अनंतिम वरिष्ठता सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अनुसूचित जाति-जनजाति बेसिक शिक्षक महासंघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय पर नियमों और शासनादेशों की अनदेखी कर वरिष्ठता सूची तैयार करने का आरोप लगाया है। शनिवार को महासंघ के पदाधिकारियों ने सूची में कई विसंगतियां गिनाते हुए इसे तत्काल निरस्त करने की मांग की।
महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष भीषम पाल ने बताया कि बीएसए ने न तो संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात करते हैं न समस्या सुनते हैं। बीएसए की ओर से 29 अक्तूबर और पांच नवंबर को जारी अनंतिम वरिष्ठता सूची शिक्षकों तक समय से नहीं पहुंचाई गई। सूची व्हाट्सएप ग्रुप पर भी एक दिन बाद साझा की गई, जिससे शिक्षकों को आपत्तियां दर्ज कराने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला। निर्धारित समय के बजाय महज चार से पांच घंटे का अवसर दिया गया। सूची के संबंध में समाचार पत्रों में सार्वजनिक विज्ञप्ति भी प्रकाशित नहीं कराई गई।
ग्रामीण अनंतिम वरिष्ठता सूची क्रमांक 1 से क्षेत्र के 3006 और नगर क्षेत्र के क्रमांक 1 से 101 शिक्षकों की वरिष्ठता निर्धारित करने में मौलिक नियुक्ति तिथि के नियमों की अनदेखी की गई है। सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के 30 अक्तूबर के निर्देशों के विपरीत सीनियर बेसिक विद्यालयों की भी वरिष्ठता सूची जारी कर दी गई, जबकि पदोन्नति के लिए जूनियर बेसिक विद्यालयों की वरिष्ठता निर्धारित की जानी चाहिए। संगठन ने पदोन्नति प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न कराने की मांग की। बैठक में प्रांतीय मुख्य संरक्षक गोविंद राम, उषा सैंगर, हाकिम सिंह, दिनेश कुमार, कमलेश कुमार उपस्थित रहे।