आगरा। आगरा-दिल्ली मार्ग पर स्थित अनुबंधित अमन ढाबा पर महिला परिचालक से मारपीट और गाली-गलौज के आरोपों ने परिवहन निगम में हलचल मचा दी है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने जांच के आदेश दिए हैं।
महिला परिचालक के हाथ में चोट के निशान दिखने के बाद निगम ने सीसीटीवी फुटेज समेत पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि 19 मई मंगलवार को यूपीएसआरटीसी मील ऑन रोड ग्रुप पर शिकोहाबाद डिपो की बस संख्या यूपी 78-9850 में तैनात महिला परिचालक अनीता देवी का वीडियो पोस्ट किया गया था।
इसमें अमन ढाबा के संचालक और कर्मचारियों पर मारपीट व अभद्रता के आरोप लगाए गए। वीडियो में परिचालक के हाथ से खून निकलता दिखाई दे रहा है। ढाबा संचालक की ओर से सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी साझा की गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि मथुरा डिपो के एआरएम को मौके पर जांच कर सीसीटीवी फुटेज का निरीक्षण करने और विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।