मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र के गांव नगला कुंजल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत पर सवाल उठाते हुए भाई ने ससुरालीजन की पिटाई की वजह से मृत्यु होने की बात कही है। न्यायालय के आदेश पर सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव कुरारी के रहने वाले सौरभ कुमार ने बताया कि 6 मार्च 2024 को बहन रोशनी की शादी नगला कुंजल औंछा निवासी अनूप उर्फ सोविंद के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही बहन को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। 8 जुलाई को जसराना रोड पर हुए एक सड़क हादसे में बहनोई अनूप गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके इलाज के लिए भी उन्होंने एक लाख रुपये दिए। लेकिन 9 जुलाई को बहनोई की मौत हो गई। इसके बाद ससुरालीजन बहन को ताने देने लगे।
सास राधा देवी, जितेंद्र, नीलेश, विकास और सीटू ने बहन की बेरहमी से पिटाई की। पिटाई की वजह से बहन को अंदरूनी चोटें आई। इलाज कराया गया लेकिन 14 अगस्त 2024 को बहन रोशनी ने दम तोड़ दिया। न तो कोई सुसरालीजन शव लेने आया न हीं देखने के लिए आया। बहन के शव को ससुराल लाने के लिए मना कर दिया। ससुरालीजन की पिटाई की वजह से बहन की मौत हुई है।
स्थानीय पुलिस ने उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर औंछा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।