मैनपुरी। कोरोना महामारी के बीच घरों में अक्षय तृतीया पर पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। प्रमुख मंदिरों में पुजारियों ने कोविड-19 की गाइड लाइन के अनुसार पूजा-अर्चना की। पाबंदी के बीच सादगी के साथ वैवाहिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
शुक्रवार को सुबह से ही घरों में पूजन के कार्यक्रम हुए। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना की गई। घरों में सुबह लोगों ने स्नान करके भगवान विष्णु देव को चंदन युक्त जल से स्नान कराया। फिर उनको इत्र का लेपन कर चंदन लगाया। भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी पर तुलसी दल और बेला के फूल भी चढ़ाए गए। शहर के प्रसिद्घ भीमसेन महाराज मंदिर, श्री एकरसानंद आश्रम में भक्तों को प्रवेश नहीं दिया गया। पुजारियों ने मंदिर विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद विष्णु पुराण का पाठ किया। कई लोगों ने गृहप्रवेश और शुभकार्य किए। बाजार बंद रहने के कारण लोग सोने-चांदी आदि के आभूषण और अन्य सामान की खरीदारी नहीं कर सके।