अकोला। ब्लॉक अकोला स्थित यू.पी.एस. लोरिया कंपोजिट विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी मेधा का लोहा मनवाते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्राओं ने न केवल ''''''''राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस 2026) में सफलता पाई है, बल्कि इंस्पायर अवार्ड जैसी प्रतिष्ठित योजना में भी जगह बनाई है।
विद्यालय की होनहार छात्राएं आरुषि, संजना और खुशी ने एनएमएमएस परीक्षा उत्तीर्ण की है। इस सफलता के बाद इन छात्राओं को कक्षा 9 से 12 तक (आगामी चार वर्षों तक) नियमित छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई का आर्थिक बोझ कम होगा। केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक सोच में भी यहाँ के छात्र आगे रहे हैं। आरुषि, संजना और प्रशांत सिंह का चयन इंस्पायर अवार्ड योजना के लिए हुआ है। चयनित प्रत्येक विद्यार्थी को नया विज्ञान मॉडल तैयार करने के लिए शासन की ओर से 10,000 की एकमुश्त राशि सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाएगी। प्रधानाध्यापक रामवीर चौधरी ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षक सचिन इंदौलिया, तनिमा सारस्वत व गिरीश कुमार उर्फ राजू चाहर ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। संवाद