अखिलेश यादव के नामांकन को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। ऐसे में कहीं न कहीं नामांकन में भीड़ होने की भी संभावना है। इसी को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। क्योंकि भीड़ को रोकना भी प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा। इसके साथ ही सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम करने होंगे।
किशनी और भोगांव से सपा प्रत्याशी भी दाखिल करेंगे नामांकन
अखिलेश यादव के साथ ही मैनपुरी की दो अन्य सीटों से भी सपा प्रत्याशी सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। भोगांव सीट से आलोक शाक्य जहां नामांकन पत्र दाखिल करेंगे तो वहीं किशनी से बृजेश कठेरिया नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। मैनपुरी सदर सीट से सपा प्रत्याशी राजकुमार यादव शुक्रवार को ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
भाजपा ने नहीं उतारा है करहल सीट पर प्रत्याशी
नामांकन में अब केवल दो दिन का ही समय शेष है। इसके बाद भी भाजपा ने अब तक यहां अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल से ही चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में भाजपा यहां कोई मजबूत प्रत्याशी लाने का प्रयास कर रही है। सूत्रों के अनुसार अब तक भाजपा को सफलता हाथ नहीं लगी है। अगर 31 जनवरी तक कोई प्रत्याशी नहीं मिलता है तो पूर्व में चर्चा में रहे एक क्षेत्रीय नेता पर ही भाजपा अपना दांव खेलेगी।
सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सोमवार को सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल सीट से नामांकन पत्र दाखिल करने आ रहे हैं। करहल की जनता उन्हें प्रचंड मतों से जीत दिलाएगी। उनके साथ ही भोगांव और किशनी सीट से सपा प्रत्याशी भी नामांकन दाखिल करेंगे।