समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मथुरा के बाजना स्थित मोरकी इंटर कॉलेज मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित किया। यह किसान महापंचायत सपा और रालोद की ओर से आयोजित की गई। मंच पर अखिलेश के साथ राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी भी रहे। किसान महापंचायत के मंच से दोनों नेताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
किसानों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि किसान आंदोलन से कोई घबराया हो या नहीं, लेकिन भाजपा जरूर घबरा रही है। जिस तरह से आप लड़ाई लड़ रहे हैं, भाजपा को पता चल गया है कि अब किसान नहीं रुकने वाला है। उन्होंने कहा कि जब तक काले कानून वापस नहीं होंगे, यह लड़ाई चलती रहेगी। अखिलेश ने कहा कि महापंचायत में मुझे लाठी भेंट की गई है। हम और जयंत यह जानते हैं कि लाठी कहां पर चलानी है।
भाजपा पर जमकर बरसे अखिलेश
सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा की सरकार ने नोटबंदी की थी, उससे क्या कालाधन वापस आया। जीएसटी कानून लागू किया। इससे कौन सा कारोबार बढ़ गया? वैश्विक महामारी ने जनता ने उस पर भरोसा किया। लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाया, लेकिन भाजपा की सरकार ने अपनी आंखों और कान बंद कर रखे हैं। किसानों का दर्द सुनाई नहीं दे रहा। क्या किसानों की आय दोगुनी हुई है? इस सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं।