मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान मामले में एक ओर न्यायालय में सुनवाई चल रही है, तो वहीं आज अखिल भारत हिंदू महासभा ने राष्ट्रपति को खून से पत्र लिखकर शाही ईदगाह को सील करने की मांग की है।
विज्ञापन
अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा के द्वारा राष्ट्रपति को खून से पत्र लिखकर शाही ईदगाह को सील करने की मांग की है। उन्होंने पत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी ईदगाह को सील करने के लिए कहा है। बता दें अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ने शाही ईदगाह को हटाने की मांग को लेकर सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में वाद दाखिल किया है।
उनके द्वारा शाही ईदगाह से संबंधित कई प्रार्थना पत्र अदालत में दिए गए हैं। अदालत में दर्ज वाद में सुनवाई भी चल रही है। इसी बीच उन्होंने शनिवार को खून से एक पत्र लिखकर राष्ट्रपति से शाही ईदगाह को सील करने की मांग की है। उनका दावा है कि उन्होंने यह पत्र अपने खून से लिखा है तथा पत्र में राष्ट्रपति के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी ईदगाह को सील करने की मांग की है। पत्र में उन्होंने अदालत में चल रहे अपने केस का हवाला भी दिया है। दिनेश शर्मा ने कहा है कि मुस्लिम पक्ष ईदगाह से साक्ष्य खत्म करना चाहता है।