कासगंज। शासन ने सहकारिता विभाग के बकाएदारों को बड़ी राहत दी है। बकाएदारों के चुनाव लड़ने पर लगी रोक को हटा लिया गया है। अब सहकारिता विभाग के बकाएदार भी पंचायत चुनाव में अपनी किस्मत अजमा सकते हैं। उन्हें नामांकन के साथ सहकारिता विभाग का नो-ड्यूज प्रमाणपत्र नहीं देना होगा।
जिला में पंचायत चुनाव के लिए 13 व 15 अप्रैल को नामांकन दाखिल किया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य के 23, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 579, ग्राम पंचायत के 423 एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के 5421 पदों पर लगभग 15000 प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में उतरने की संभावना है। इनमें तमाम ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन पर सहकारिता विभाग का कर्ज है। अभी तक सहकारिता विभाग के बकाएदारों पर चुनाव लड़ने पर रोक लगी हुई थी, जिससे ऐसे लोग काफी परेशान थे। वे इस दुविधा में थे कि पहले बकाया चुकाएं या फिर चुनाव लड़ने के लिए धन का इंतजाम करें। लेकिन अब शासन ने ऐसे बकाएदारों के चुनाव लड़ने पर लगी रोक लगा हटा दी है। इसके बाद सहकारिता विभाग के बकाएदार भी पंचायत चुनाव के चारों पदों में से किसी पर भी अपनी किस्मत आजमा सकेंगे।