प्रदूषण से फेफड़े ही नहीं दिल भी होता है बीमार
प्रदूषण की वजह से व्यक्ति के फेफड़े ही नहीं दिल भी बीमार हो रहा है। प्रदूषण के तत्व फेफड़ों के जरिए दिल तक पहुंच रहे हैं और नुकसान पहुंचा रहे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज के क्षय व वक्ष रोग विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जीवी सिंह का कहना है कि यह अध्ययन सामने आया है कि प्रदूषण से हृदय और हृदय तंत्र से संबंधित बीमारियां भी हो रही हैं।
प्रदूषण की वजह से गंभीर सांस रोगियों की संख्या बढ़ रही है। उन्हें भर्ती तक करना पड़ता है। अध्ययन में सामने आया है कि धूम्रपान न करने वाले लोगों के भी फेफड़े प्रभावित हो रहे हैं, मुख्य वजह प्रदूषण ही है। चाहे वह इंडोर हो या आउटडोर। डॉ. जीवी सिंह ने बताया कि प्रदूषण अधिक होने पर ग्राउंड लेवल ओजोन बढ़ जाती है। लंबे समय तक इस वातावरण में रहने वाले बच्चों में अस्थमा होने का खतरा बढ़ जाता है। प्रदूषण की वजह से अस्थमा और टीबी के मरीजों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रदूषण शरीर के सभी हिस्सों को प्रभावित करता है। फेफड़े के कैंसर की बड़ी वजह प्रदूषण ही है।