आगरा। दिवाली से ऐन पहले शहर की खुदी पड़ी सड़कों से उड़ रही धूल और घंटों तक लग रहे ट्रैफिक जाम में वाहनों के धुएं से शहर के 39 में से 34 चौराहों की हवा बेहद खराब पाई गई, जबकि दो चौराहों पर एक्यूआई खतरनाक स्तर पर आ गया। आगरा स्मार्ट सिटी के 39 चौराहों पर लगाए गए नए पर्यावरण सेंसरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई है। स्मॉग की चादर छाए रहने के कारण लोगों का सांस लेना मुहाल हो गया। सबसे बुरे हालात शहीद नगर के रहे, जहां एक्यूआई 425 पर पहुंच गया। दूसरा खतरनाक क्षेत्र छीपीटोला रहा, जहां एक्यूआई 406 दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रदूषण आंकड़े दिवाली पर भले कुछ अलग कहते हों, लेकिन आगरा स्मार्ट सिटी के आंकड़े शहर में प्रदूषण आंकड़े छिपाने की पोल खोल रहे हैं। 39 चौराहों में से शनिवार को 38 चौराहों के सेंसर चालू थे, जिनमें से 36 पर हवा की गुणवत्ता बेहद खराब और खतरनाक मिली। इनमें 34 में बेहद खराब और दो चौराहों में खतरनाक स्तर पर एक्यूआई दर्ज किया गया। इनमें शहीद नगर, छीपीटोला में खतरनाक तो राजपुर चुंगी, राजामंडी, दिल्ली गेट, अर्जुन नगर, ईदगाह, सिकंदरा, हाथीघाट, ट्रांसपोर्ट नगर, बाग फरजाना, भगवान टॉकीज जैसे क्षेत्रों में प्रदूषण बेहद खराब स्थिति में रहा।
सबसे प्रदूषित शहर के 10 चौराहे
जगह एक्यूआई
शहीद नगर 425
छीपीटोला 406
राजेश्वर मंदिर 398
भाटिया पेट्रोल पंप 353
मीरा हुसैनी चौराहा 350
तेज नगर 348
आईएसबीटी 347
धूलियागंज 341
सिकंदरा चौराहा 341
राजामंडी चौराहा 340
प्रदूषण की मुख्य यह रही वजह
- सीएम ग्रिड के तहत 12 किमी. लंबी सड़कों की खोदाई
- सड़कों पर खोदकर छोड़ी गई मिट्टी वाहनों से उड़ती रही
- दिवाली पर चौराहों पर लग रहे जाम में वाहनों से ज्यादा उत्सर्जन
- दिवाली की सफाई में निकले कचरे में जगह-जगह आग लगाई
- बाजार में खरीदारी के लिए निकले वाहनों के चलने से उड़े सूक्ष्म कण
आवास विकास और मनोहरपुर में सबसे ज्यादा रहा एक्यूआई
आगरा।
धूल-धुआं अधिक होने से हवा की सेहत खराब हो रही है। शहर का एक्यूआई 177 रहा, जिसमें आवास विकास कॉलोनी और मनोहरपुर में सबसे ज्यादा एक्यूआई रहा। बढ़ते प्रदूषण से लोगों को सांस लेने में परेशानी रही। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की लैब में शनिवार को शहर का एक्यूआई 177 दर्ज हुआ है। इसमें आवास विकास कॉलोनी क्षेत्र का 190 एक्यूआई रहा। दूसरे नंबर पर मनोहरपुर क्षेत्र का रहा, जहां प्रदूषण का स्तर 186 एक्यूआई दर्ज हुआ है। सबसे कम संजय प्लेस का 161 एक्यूआई रहा है।
धूल-धुआं का स्तर बढ़ने से सांस-अस्थमा मरीजों की परेशानी बढ़ रही है। पुराने मरीजों की मर्ज बढ़ने पर इलाज कराने आ रहे हैं। हालत गंभीर होने पर उनको भर्ती करना पड़ रहा है। इनके ऑक्सीजन देनी पड़ रही है।
डॉ. संतोष कुमार, वक्ष एवं क्षय रोग विभाग अध्यक्ष, एसएन कॉलेज
..........