इस साल 26 अक्तूबर को आगरा की हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में रही, जबकि बीते साल इसी दिन यह काफी अच्छी स्थिति में 82 पर रही थी। हालांकि उससे पहले 2016 और 2017 में 26 अक्तूबर को हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही थी। साल 2016 में तो एयर क्वालिटी इंडेक्स 366 पर पहुंच गया था।
जहां खोदाई, वहां प्रदूषण सबसे ज्यादा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने संजय प्लेस स्थित मॉनिटरिंग स्टेशन पर आगरा का एयर क्वालिटी इंडेक्स 285 दर्ज किया लेकिन आगरा स्मार्ट सिटी की ओर से शहर में लगाए गए पर्यावरण सेंसर और उपकरणों में उन इलाकों में ज्यादा प्रदूषण दर्ज किया गया, जहां पर पानी या सीवर लाइन के लिए खोदाई हो रही है। ताजमहल के पास स्मार्ट सिटी के चलते चल रही खोदाई में उड़ रही धूल से पुरानी मंडी, ताजगंज, फतेहाबाद रोड पर बसई तिराहा पर सामान्य से 6 गुना ज्यादा वायु की गुणवत्ता प्रदूषित मिली।
ताजगंज की रहने वाली मधु सक्सेना ने कहा कि लॉकडाउन में हवा इतनी स्वच्छ थी जैसे पहले कभी अनुभव नहीं की थी, लेकिन अब सरकारी विभागों की नाकामियों की वजह से फिर से जहरीली हवा फेफड़ों को नुकसान पहुंचा रही है। हमें सांस लेने में शाम को परेशानी होती है।
ईदगाह निवासी ऋषि दीक्षित ने कहा कि इतनी भयंकर धूल उड़ रही है लेकिन न पानी का छिड़काव हो रहा है और ना मशीनों से धूल उठाई जा रही है। पिछले साल जरूर प्रदूषण बढ़ने पर सड़कों की धुलाई हुई थी इस साल वह भी ना हुई। घर पर हर दिन धूल की मोटी परत साफ करता हूं।
एसएन मेडिकल कॉलेजके वक्ष एवं क्षय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण से स्वस्थ लोगों को भी परेशानी होने लगी है। वाहनों का धुआं, निर्माण कार्य से उड़ने वाली धूल वाले क्षेत्रों में रहने वाले स्वस्थ लोगों में भी सांस लेने में परेशानी, जकड़न, खराश, और हल्की खांसी की परेशानी मिल रही है। इन परेशानियों पर लोग टेली मेडिसिन से परामर्श ले रहे हैं।
इन बातों का रखें ख्याल
- घर की खिड़कियों को बंद करके रखें।
- घर में सफाई करते वक्त मुंह-नाक ढकें।
- घर के बाहर घूल उड़े तो छिड़काव करें।
- घर से बाहर जाते वक्त मास्क जरूर लगाएं।
- निर्माण कार्य और धूल-धुएं वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।
उधर, तापमान गिरने से सुबह सर्दी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि ताजनगरी में अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। सात दिन में यह चार डिग्री सेल्सियस गिरकर 16.7 डिग्री पर आ गया है, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। हालांकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ज्यादा चल रहा है। दिन और रात के तापमान में 19 डिग्री का बड़ा अंतर है।
सोमवार की सुबह भी हल्की धुंध छाई रही। दोपहर में बादलों की लुकाछिपी शुरू हो गई जो शाम तक चली। हाईवे और यमुना नदी के किनारे सुबह 11 बजे तक और शाम को 4 बजे के बाद धुंधलका छाया रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 2 डिग्री नीचे है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक दो दिन में तापमान 3 डिग्री तक गिर सकता है। सुबह धुंध छाई रहेगी।