धनौली में सिविल एंकलेव बनने में वक्त है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अभी जगह तय नहीं। ऐसे में मौजूदा खेरिया हवाई अड्डे के उपयोग के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने तीन साल पुराने प्रस्ताव को ही हरी झंडी दिखाई है।
अर्जुन नगर गेट से एयरपोर्ट तक की 1.2 किमी की दूरी पर दीवार बनाकर एयरफोर्स को अलग कर दिया जाएगा। यहां एक ओर दीवार है, दूसरी ओर दीवार बनने से यह कॉरीडोर सरीखा बन जाएगा, ताकि एयरफोर्स की सुरक्षा संबंधी दिक्कतें भी खत्म हो जाएंगी। केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डा. महेश शर्मा ने गुरुवार को एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के अधिकारियों के साथ एयरफोर्स परिसर का निरीक्षण कर दीवार के विकल्प को चुना।
एयरपोर्ट अथारिटी के अधिकारी प्रभाकर मिश्रा ने एयरपोर्ट परिसर में केंद्रीय राज्यमंत्री डा. महेश शर्मा को इस योजना पर प्रजेंटेशन दिया। मंत्री को बताया गया कि अर्जुन नगर गेट से सिविल टर्मिनल के लिए 1.2 किमी लंबा मार्ग है जिसके एक ओर दीवार बनी हुई है, यदि दूसरी ओर भी दीवार बनाने की अनुमति रक्षा मंत्रालय दे दे तो पर्यटक सीधे सिविल टर्मिनल तक पहुंच सकते हैं। चार महीनों में दीवार बन भी सकती है। इससे वर्तमान टर्मिनल भी उपयोगी रहेगा, जबकि सिविल एंकलेव बनने में वक्त लगेगा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि वह रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर से इस बारे में दिल्ली पहुंचकर बात करेंगे। आगरा डेवलपमेंट फाउंडेशन के सचिव केसी जैन और राकेश गर्ग मौजूद रहे।
भिवाड़ी में एयरपोर्ट के लिए तैयारी
दिल्ली में इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ने के बाद एनसीआर में दूसरा एयरपोर्ट बनाने का नागरिक उड्डयन मंत्रालय का प्रस्ताव है। इस पर एनसीआर के राज्यों हरियाणा ने रोहतक, राजस्थान ने भिवाड़ी में एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव दिया है, जबकि दिल्ली ने इंकार कर दिया है। उत्तर प्रदेश से अब तक कोई प्रस्ताव नहीं भेजा गया। नागरिक उड्डयन की जिम्मेदारी संभाल रहे डा. महेश शर्मा ने बताया कि भिवाड़ी में एयरपोर्ट की तैयारी है, अगर यूपी से प्रस्ताव आया तो फिर विचार करेंगे।
सैंफई का क्या उपयोग, फीरोजाबाद में ट्रैफिक नहीं
विधानसभा में प्रदेश के पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने बुधवार को भारत सरकार की एयरपोर्ट बनाने की मंशा पर सवाल खड़े किए थे। इस पर पलटवार करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री डा. महेश शर्मा ने सैंफई में हवाई पट्टी के उपयोग पर ही सवाल किया। उन्होंने कहा कि सैंफई में इसका उपयोग ही नहीं है। फीरोजाबाद में सपा सरकार राजनीतिक फायदे के लिए एयरपोर्ट बनाना चाहती है। वहां ट्रैफिक कहां से आएगा, ये तो पहले बता दें। तुलनात्मक अध्ययन के बाद ही फीरोजाबाद पर विचार होगा।
आगरा को दक्षिण भारत से जोड़ने की तैयारी
एयर इंडिया की दिल्ली-बनारस-आगरा-खजुराहो फ्लाइट एक अक्तूबर से शुरू हो जाएगी। केंद्रीय राज्यमंत्री के मुताबिक, इस बार इसे नियमित किया जाएगा और आगरा को दक्षिण भारत के शहरों बंगलूरू, हैदराबाद, गोवा आदि से जोड़ने की तैयारी है। प्राइवेट ऑपरेटरों को भी आगरा से फ्लाइट के लिए कहा जाएगा। दिल्ली की जगह जयपुर से आगरा को जोड़ा जाएगा।