आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात कार्पोरल आकाश चाहर ने कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, आंखों की रोशनी कम होने और ऑपरेशन के बाद भी सुधार न होने से वह तनाव में थे।
एयरफोर्स में कार्पोरल पद पर तैनात आकाश चाहर (27) ने बृहस्पतिवार शाम को विषाक्त पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वह आंखों की रोशनी कम होने से तनाव में थे। पुलिस का कहना है कि इलाज के बाद भी आंखें ठीक नहीं होने पर आत्महत्या कर ली।
विज्ञापन
अनिरुद्ध नगर, भरतपुर, राजस्थान निवासी आकाश चाहर की तैनाती आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर थी। वह शाहगंज के वायु विहार में रहते थे। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम को आकाश ने घर में विषाक्त पदार्थ खा लिया। परिजन ने देखा तो दिल्ली गेट स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। रात करीब 1 बजे आकाश की मृत्यु हो गई।
घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पिता अजित सिंह ने बताया कि आकाश वर्ष 2016 में एयरफोर्स में कार्पोरल के पद पर भर्ती हुए थे। बेटे की एक आंख में दिक्कत हो गई थी। इस पर इलाज करा रहा था। जून में आंख का ऑपरेशन दिल्ली में कराया था। सुधार न होने की वजह से बेटा तनाव में आ गया था। इस कारण ही वह अवकाश पर चल रहा था। बृहस्पतिवार को ड्यूटी ज्वाइन की थी। शाम को घर आने के बाद अपने कमरे में चले गए और कुछ देर बाद ही विषाक्त पदार्थ खा लिया।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि एयरफोर्स कर्मी ने विषाक्त पदार्थ खा लिया था। बताया गया है कि वह आंखों की रोशनी कम होने की वजह से तनाव में थे। जांच की जा रही है।
दो बहनों में इकलाैते भाई थे आकाश
बेटे की मौत से पिता का हाल-बेहाल है। आकाश की दो बहन हैं। तीन साल पहले उनकी शादी लक्ष्मी से हुई थी। पत्नी भरतपुर स्थित राजकीय स्नातक महाविद्यालय नदबई में वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। 11 महीने की बेटी नव्या है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।
एयरफोर्स स्टेशन में वारंट ऑफिसर की पत्नी ने लगाई फांसी
एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित सरकारी आवास में शुक्रवार दोपहर वारंट ऑफिसर की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या का कारण पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर एक बजे एयरफोर्स स्टेशन के कर्मचारियों ने सूचना दी कि एक महिला ने फांसी लगा ली है।
बेटा स्कूल गया था, घर पर नहीं मिला कोई भी सुसाइड नोट
इस पर थाना शाहगंज की फोर्स पहुंच गई। जूनियर वारंट ऑफिसर अनूप कुमार एयरफोर्स स्टेशन में तैनात हैं। उनकी पत्नी इंदु कुमारी (39) ने फांसी लगा ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के समय घर में कोई नहीं था। अनूप कुमार ड्यूटी पर थे। बेटा स्कूल गया था। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।