अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान हादसे का असर आगरा-अहमदाबाद की उड़ान पर भी पड़ा। हादसे के तुरंत बाद ही अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे को बंद कर दिया गया था, जिस वजह से आगरा से अहमदाबाद के लिए इंडिगो की फ्लाइट एक घंटे देरी से उड़ान भर पाई।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के निदेशक वाईएस तोमर ने बताया कि अहमदाबाद से इंडिगो एयरलाइंस के विमान ने इस हादसे से चंद मिनट पहले ही आगरा के लिए उड़ान भरी थी। अहमदाबाद एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 से आगरा के लिए विमान 1:14 बजे चला, जो आगरा में खेरिया एयरपोर्ट पर दोपहर 3:25 बजे पहुंचा।
अहमदाबाद में हादसे के बाद रनवे बंद करने से इंडिगो एयरलाइंस का विमान आगरा से एक घंटे देरी से उड़ा। इसे खेरिया एयरपोर्ट से अपराह्न 3:55 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन यह 5 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ जो शाम 6:56 बजे पहुंचा। इंडिगो एयरलाइंस की अहमदाबाद फ्लाइट पूरी तरह से फुल चली, जिसमें 90 यात्री आगरा आए और 90 ही अहमदाबाद के लिए रवाना हुए।