कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। 15 अप्रैल से शुरू हुए सरकारी गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद जारी है। बीते छह दिनों में आधे केंद्रों पर खरीद निरंतर चल रही है। जबकि अन्य केंद्रों पर भी किसान की आवक का इंतजार है। मंगलवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने केंद्रों का नियामानुसार संचालन कराने के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जिले के सभी गेहूं क्रय केंद्र प्रतिदिन समय से खुलें और वहां किसानों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहे। सैनिटाइजर, पीने के पानी के साथ-साथ साफ-सफाई के इंतजाम किए जाएं। जिले के 1150 किसानों ने गेहूं विक्रय के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। जिले के कुल 73 क्रय केंद्रों में से 47 क्रय केंद्रों पर अब तक 1205 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद भी की जा चुकी है। अगर किसी किसान को कोई समस्या आती है तो वे जिला खाद्य विपणन अधिकारी के मोबाइल नंबर 9565162101 पर शिकायत करें। एसपी अजय कुमार पांडेय, सीडीओ नगेंद्र शर्मा, उप निदेशक कृषि डीवी सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी उदित नारायन आदि मौजूद रहे।
लोडर और कृषि यंत्रों को नहीं पास की जरूरत
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने बैठक में कहा कि सभी प्रकार के माल वाहक वाहनों के आवागमन में कोई असुविधा न हो। खाद्य सामग्री, फल, सब्जी, अनाज, आलू आदि लाने, ले जाने वाले ट्रैक्टर, छोटा हाथी, मिनी ट्रक, डीसीएम आदि के संचालन के लिए किसी पास की जरूरत नहीं है। वहीं कृषि कार्य में लगे कृषि यंत्रों को भी पास की आवश्यकता नहीं हैं। उन्हें कहीं भी नहीं रोका जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर किसी को कोई समस्या आती है तो जिला मुख्यालय के कंट्रोल रूम के नंबर 05672-234308 पर सूचना दें।