आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने महाराष्ट्र के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मराठवाड़ा विश्वविद्यालय, छत्रपति संभाजी नगर के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। यह समझौता उच्च शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाएं खोलेगा। दोनों विश्वविद्यालय अगले पांच वर्षों तक संयुक्त रूप से कार्य करेंगे।
इस समझौते के तहत शिक्षा, शोध और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। दोनों संस्थान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन करेंगे। संगोष्ठियां और सेमिनार भी संयुक्त रूप से होंगे। शिक्षक और छात्र विनिमय कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। संयुक्त शोध परियोजनाएं और शोध प्रकाशन भी इस समझौते का हिस्सा होंगे। इंटर्नशिप और कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा मिलेगा। उद्योग-संस्थान सहयोग को भी मजबूत किया जाएगा। इस अवसर पर कुलपति प्रो. आशु रानी, कुलसचिव अजय मिश्रा, मराठवाड़ा विश्वविद्यालय की प्रो. बीना सेंगर, प्रो. लवकुश मिश्रा, डॉ. नीलम यादव की उपस्थिति रही।