हरियाणा के बल्लभगढ़ से आंबेडकर नगर जाने के लिए ट्रक में चढ़ते समय पैर फिसलने से गिरकर घायल हुए युवक की रास्ते में मौत हो गई। इस पर ट्रक वाले ने मृतक का शव उसके पिता के पास आगरा के कुबेरपुर पहुंचाया। परिवार के लोग उसका इंतजार कर रहे थे। उनके पास गांव के युवक का फोन आया कि उसकी मौत हो गई है।
छलेसर पुलिस चौकी इंचार्ज विमल कुमार ने बताया कि मोहित (22) पुत्र राम सेवक निवासी हसनपुर थाना जलालपुर जिला आंबेडकर नगर बल्लभगढ़ में गांव के अन्य लड़कों के साथ काम करता था। लॉकडाउन के कारण काम बंद होने से वो शनिवार की सुबह गांव के पांच अन्य लड़कों के साथ घर के लिए निकला।
बल्लभगढ़ में ट्रक पर चढ़ते समय गिरने से मोहित घायल हो गया। इसके बाद भी उसके साथ उसे ट्रक पर बैठाकर घर ले जा रहे थे। पर, रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिसकी सूचना साथियों ने उसके पिता की दी, जो आगरा में ही काम करते हैं, उन्होंने मोहित के शव को कुबेरपुर पहुंचाने के लिए कहा। इस पर ट्रक वाले ने शव यहां पहुंचा दिया।