आगरा। स्पोर्ट्स विजार्ड मैदान पर खेले गए रोमांचक टी-20 मुकाबले में आगरा इलेवन ने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर आर एकादश को 70 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए आगरा इलेवन ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 221 रन बनाए। जवाब में आर एकादश 17.2 ओवर में 151 रन पर ही सिमट गई।
आगरा इलेवन की जीत के नायक जतिन चौहान रहे, जिन्होंने मात्र 48 गेंदों में आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 94 रन बनाए। कप्तान मयंक तिवारी ने 32 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल रहे। लक्ष्य सिंह राठौर ने 18 गेंदों पर 31 रन और अक्षत पांडे ने 15 गेंदों में 26 रन का योगदान दिया।
आर एकादश की ओर से दीपक राजपूत सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में केवल 29 रन देकर तीन विकेट झटके। एकलव्य और तरुण चौधरी को एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आर एकादश की शुरुआत आक्रामक रही। दीपक राजपूत ने 39 गेंदों में 55 रन, ऋषि ने 36 गेंदों में 48 रन बनाए। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 151 रन पर पूरी टीम पवेलियन लौट गई।
गेंदबाजी में आगरा इलेवन के जीतू कश्यप ने 3.2 ओवर में चार विकेट झटककर मैच का रुख बदल दिया। अक्षत पांडे ने भी चार ओवर में 30 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। मयंक शर्मा ने दो और कृष कश्यप ने एक विकेट लेकर जीत सुनिश्चित किया।