Agra Weather: सर्द हवाओं ने पहले से अधिक बढ़ाई ठिठुरन
- फोटो : अमर उजाला
ताजनगरी आगरा में मंगलवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। कोहरे की चादर तनी रही। अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस के निचले स्तर पर आ गया। न्यूनतम तापमान मात्र 6.6 डिग्री रहा। सर्द हवा ने ठिठुरन और बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह सर्दी से राहत नहीं मिलने वाली। न्यूनतम तापमान 5-6 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहेगा। हालांकि अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। बुधवार को भी घना कोहरा होने की संभावना है।
मंगलवार को दिन चढ़ने के बाद भी कोहरा शहर को आगोश में समेटे रहा। ऑफिसों में उपस्थिति तुलनात्मक रूप से कम रही। कर्मचारी हीटर और अलाव पर हाथ तापते दिखे। मंगलवार का अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम था। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर मात्र 4.6 डिग्री रहा। ऐसे में सर्दी और महसूस की गई।
कृषि विज्ञान केंद्र बिचपुरी के मौसम विज्ञानी डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर कम होने से सर्दी अधिक महसूस होती है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन घने कोहरे के आसार हैं। बुधवार को न्यूनतम पारे में और गिरावट संभव है। हालांकि अधिकतम तापमान में आंशिक वृद्धि होगी।
सबसे सर्द दिन (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
- 24 दिसंबर, 2012- अधिकतम तापमान रहा 10.7
- 31 दिसंबर, 1989- अधिकतम तापमान रहा 11.4
- 26 दिसंबर 1992- अधिकतम तापमान रहा 11.4
- 16 जनवरी 2024- अधिकतम तापमान रहा 11.2
आज का तापमान
- अधिकतम तापमान- 11.2
- न्यूनतम तापमान- 6.6
- सूर्योदय- 7:10
- सूर्यास्त- 5:47
- एक्यूआई- 122