पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) की दस्तक के बाद पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हो रही है, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगरा समेत कई जिलों में शीत लहर शुरू हो गई है। उत्तर पश्चिमी सर्द हवाएं तीर सी चुभी तो दिन में धूप भी गुनगुनी महसूस होने लगी है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा, वहीं न्यूनतम तापमान लुढ़क कर 9.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। मौसम विभाग ने सुबह कोहरा छाने के आसार जताए हैं।
मंगलवार को उत्तर पश्चिमी सर्द हवाओं का प्रकोप रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 24.8 डिग्री सेल्सियस हो गया, जबकि न्यूनतम तापमान सोमवार के मुकाबले दो डिग्री नीचे 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह हल्का कोहरा रहा, लेकिन सूर्योदय के साथ ही खिली धूप रही, पर दोपहर तक सर्द हवाओं के सितम से धूप राहत न दिला सकी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों में सुबह हल्का कोहरा छाया रह सकता है, वहीं दोपहर में आसमान साफ और खिली धूप बनी रह सकती है। सुबह कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान भी दस डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहने के आसार हैं।