मई का दूसरा सप्ताह आगरा के लिए राहत भरा रहा। जहां एक तरफ कोरोना संक्रमितों का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा, तो दूसरी तरफ ठीक होने वाले मरीजों का ग्राफ तेजी से ऊपर बढ़ा। शुक्रवार दोपहर को 42 और लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया। इन्हें मिलाकर अब तक आधे से ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो चुके हैं।
जिले में अब तक 789 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 431 लोगों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। 27 लोगों की मौत भी हो चुकी है। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि जिले में अब 328 सक्रिय मामले हैं। 46 और मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन्हें भी जल्द डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
अप्रैल से लगातार मिल रहे हैं मरीज
ताजनगरी में एक अप्रैल से लगातार कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। एक भी दिन ऐसा नहीं गया, जिस दिन संख्या में इजाफा न हुआ हो। मई के पहले सप्ताह में संक्रमण की रफ्तार तेज हो गई। मई के पहले सात दिनों में 199 संक्रमित मिले। दूसरा सप्ताह राहत लेकर आया।