आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र में मंगलवार की रात एक महिला और उसकी तीन वर्षीय बेटी की हत्या कर दी गई, जबकि डेढ़ वर्षीय बेटी की हालत गंभीर है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। एसएसपी बबलू कुमार का कहना है कि प्राथमिक जांच में पति ने कहा कि झगड़े के दौरान पत्नी ने बेटियों को चाकू मारे। इस पर उसने पत्नी को चाकू से गोदकर मार डाला।
थाना क्षेत्र के गांव धनौली निवासी रामवीर राशन डीलर हैं। उनके बेटे वीरेंद्र की शादी साढ़े पांच वर्ष पहले टूंडला के राधे वाली गली निवासी गुंजन पुत्री पंचम सिंह से हुई थी। रामवीर ने पुलिस को बताया कि गुंजन दो माह से मायके में रह रही थी। सोमवार को वह बच्चों के साथ धनौली आई थी।
मंगलवार रात को गुंजन और वीरेंद्र के बीच अलग रहने को लेकर विवाद हुआ। रात एक बजे इसी झगड़े में गुंजन ने सब्जी काटने वाला चाकू लेकर अपनी तीन वर्षीय बेटी सूर्यांशी और डेढ़ वर्षीय बेटी अंतरा को चाकू से गोद दिया। उनके गले को भी रेता। गुस्साए वीरेंद्र ने पत्नी को चाकू से गोद डाला।