डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत आवासीय परिसर के संस्थानों और विभागों में स्नातक स्तर के नए पाठ्यक्रम शुरू कर रहा है। आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। कुछ ऐसे कोर्स हैं, जिनके विभाग पहले से नहीं हैं, स्थापित होने हैं। इन विभागों में अभी शिक्षकों का पता नहीं है।
सत्र 2022-23 में स्नातक स्तर पर अर्थशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, मनोविज्ञान, शिक्षाशास्त्र, अंग्रेजी विषय भी पढ़ाए जाने हैं। ये विषय पहले नहीं पढ़ाए जाते थे। शिक्षकों की तैनाती के बाद ही पढ़ाई शुरू हो पाएगी। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन स्तर से विज्ञप्ति जारी कर आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए वेब रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 31 जुलाई है।
शिक्षक नहीं हैं उपलब्ध
नए विभागों में प्रवेश लेने के लिए शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। सेल्फ फाइनेंस में पाठ्यक्रमों का संचालन होगा। शिक्षकों की नियुक्ति के लिए 10 अगस्त तक आवेदन मांगे गए हैं। नियुक्ति अगस्त अंत या सितंबर के पहले सप्ताह तक हो सकेगी। जिन संस्थानों में पाठ्यक्रमों का संचालन होना है, उनमें भी कोई दिशा-निर्देश छात्र-छात्राओं के लिए जारी नहीं हुए हैं।
पांच सितंबर से लगनी हैं कक्षाएं
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कैलेंडर के अनुसार प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की तारीख 25 अगस्त है। शिक्षण कार्य पांच सितंबर से शुरू करना है। जिन विभागों में अभी शिक्षकों की नियुक्ति होनी है, उसमें पढ़ाई देर से शुरू हो पाएगी।
डीन फैकल्टी प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराएंगे
डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने बताया कि 'जिन नए पाठ्यक्रमों से संबंधित विभाग पहले से संचालित नहीं हैं, उनमें प्रवेश प्रक्रिया संबंधित डीन फैकल्टी को पूरी करानी होगी। दिशा-निर्देश जारी हो चुके हैं। शिक्षकों की अगस्त अंत तक नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।'