आगरा विश्वविद्यालय से संबद्ध अनुदानित महाविद्यालयों में स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों की सीटों में 33 प्रतिशत की वृद्धि की जा रही है। कुलपति प्रो. आशु रानी ने बताया कि छात्रों की बढ़ती संख्या और महाविद्यालयों की मांग को देखते हुए सीट बढ़ाई गई हैं।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने अपने सभी संबद्ध अनुदानित महाविद्यालयों में स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों की सीटों में 33 प्रतिशत की वृद्धि करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यह कदम उन छात्रों के लिए राहत भरा है जो शहर के प्रमुख और अन्य महाविद्यालय में दाखिला लेना चाह रहे थे पर सीट फुल होने के चलते उनका प्रवेश नहीं हो पा रहा था। विश्वविद्यालय की ओर से बुधवार को जारी अधिसूचना के अनुसार यह सीट वृद्धि इस शर्त पर प्रदान की गई है कि केवल उन छात्र-छात्राओं को ही प्रवेश दिया जाएगा जिनकी ओर से वेब पंजीकरण अंतिम तिथि तक कराया गया हो।
विज्ञापन
10,000 रुपये के शुल्क पर सीट वृद्धि
आदेश के मुताबिक प्रत्येक पाठ्यक्रम में सत्र (2025-26) हुई सीट वृद्धि के लिए महाविद्यालय को 10,000 रुपये प्रति पाठ्यक्रम शुल्क जमा करना होगा। यह राशि विश्वविद्यालय के खाते में जमा करानी होगी। सूचना में शामिल तालिका के अनुसार आगरा कॉलेज (001), सेंट जोंस कॉलेज (003), आरबीएस कॉलेज (002), एसआरके कॉलेज, फिरोजाबाद (007), बीएसए कॉलेज मथुरा (017), आदर्श कृष्ण महाविद्यालय (027) में विभिन्न पाठ्यक्रमों की सीटें बढ़ाई गई हैं।
नियम से रहेगी पारदर्शिता
कुलपति प्रो. आशु रानी ने बताया कि छात्रों की बढ़ती संख्या और महाविद्यालयों की मांग को देखते हुए सीट बढ़ाई गई हैं। पूर्व में कई महाविद्यालयों की सीट वृद्धि के नाम पर अनियमितता की थी। शुल्क जमा करने का नियम लागू होने के बाद जिस महाविद्यालय को जरूरत होगी, वह सशुल्क आवेदन करेंगा। जिससे प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता रहेगी।