आगरा विश्वविद्यालय की बीए, बीएससी व बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 29 अप्रैल को समाप्त हो चुकी हैं, लेकिन परीक्षाओं के परिणाम अभी तक जारी नहीं हुए हैं। ये हालत तब है जब परीक्षा आधारित कराई गई है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कराई गई बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं के परिणाम अभी तक जारी नहीं कर पाया है। परीक्षा समाप्त हुए 41 दिन बीत चुके हैं। परिणाम जल्द देने के उद्देश्य से परीक्षा ओएमआर आधारित कराई गई थी। परीक्षा 29 अप्रैल को समाप्त हो चुकी है।
विज्ञापन
बीए, बीएससी और बीकॉम की प्रथम सेमेस्टर परीक्षा देरी से मुख्य परीक्षा के समय कराई गई। औटा के पदाधिकारी परीक्षा ओएमआर आधारित कराने का विरोध कर रहे थे, लेकिन विवि के अधिकारियों ने यह कहा था कि सत्र को नियमित करने के लिए ओएमआर आधारित परीक्षा कराना जरूरी है। सेमेस्टर परीक्षा 29 अप्रैल को संपन्न हो गई थी। परीक्षा में करीब 1.80 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। अभी तक किसी भी पाठ्यक्रम का परिणाम जारी नहीं किया जा सका है, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। जुलाई में द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा शुरू कराने की योजना है।
यूएफएम की रिपोर्ट प्राप्त न होने से परिणाम रुका है
परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव का कहना है कि परीक्षा परिणाम तैयार कर लिया गया है। अभी अनफेयर मीन (यूएफएम) में पकड़े गए परीक्षार्थियों और कॉलेजों की रिपोर्ट उड़नदस्ता प्रभारी की ओर से उपलब्ध नहीं कराई गई है। रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाना है कि किन कॉलेजों व परीक्षार्थियों का परिणाम जारी किया जाना है। रिपोर्ट भेजने के लिए उड़नदस्ता प्रभारी से बात की गई है, उम्मीद है कि इसी हफ्ते परिणाम जारी कर दिया जाएगा।