डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 99वें स्थापना दिवस समारोह में कुलपति प्रो. आशुरानी ने शिक्षकों, कर्मचारियों से आह्वान किया कि वर्ष 1927 में स्थापित विश्वविद्यालय का गौरवशाली इतिहास रहा है। 100वें साल पर शिक्षा की गुणवत्ता, शोध और नवाचार से आसमान छूना है। भविष्य में विश्वविद्यालय को देश के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में गिना जाए, इसके प्रयास किए जाएं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित जेपी सभागार में मंगलवार को हुए समारोह में छात्रों के लिए क्विज और खेलकूद प्रतियोगिताएं की गईं। यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल के हाईस्कूल के मेधावियों को सम्मानित किया गया। शुभारंभ कुलपति प्रो. आशुरानी, कुलसचिव अजय कुमार मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने किया।
ललित कला संस्थान के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, विश्वविद्यालय के कुल गीत की आकर्षक प्रस्तुति दी। तरुण श्रीवास्तव ने डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया। इस दौरान आईक्यूएसी निदेशक प्रो. संजय चौधरी, प्रो. भूपेंद्र स्वरूप शर्मा, डाॅ. नीलू सिन्हा, वित्त अधिकारी महिमा चंद आदि मौजूद रहे।
कर्मचारियों के मेधावी बच्चाें को किया सम्मानित
स्थापना दिवस में कुलपति प्रो. आशुरानी ने नई पहल की। उन्होंने कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को सम्मानित किया। 75 फीसदी से ज्यादा अंक पाने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्तिपत्र प्रदान किया गया। इनमें आयुष यादव (92.7%), अनुष्का चौहान (90%), प्रगति शर्मा (90%) यशवर्धन शर्मा (86%), सैंड्रिला फ्रैंकलिन (84%), रचित द्विवेदी (83%), वैष्णवी चौहान (86%), अदिति (77.6%), आरुषि अग्रवाल (86.6), देशदीप सिंह (89%) और शिजा खान (92.2%) शामिल रहीं।
नीरज ने जीती क्विज प्रतियोगिता
योग पर ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई क्विज प्रतियोगिता में 457 प्रतिभागियों ने भाग लिया। ललित कला संस्थान की शोधार्थी कुमारी नीरज प्रथम रहीं। स्कूल ऑफ लाइफ साइंस की शोधार्थी अपूर्वा गुप्ता द्वितीय और केआर कॉलेज मथुरा की शोधार्थी संगीता को तृतीय स्थान मिला।
ऑपरेशन सिंदूर की प्रस्तुति ने बटोरी तालियां
ऑपरेशन सिंदूर पर माइम की प्रस्तुति आर्यन एंड ग्रुप ने दी। इसने सबसे ज्यादा तालियां बटोरीं। हरियाणवी प्रस्तुति तेजपाल एंड ग्रुप और पंजाबी फॉक डांस दिव्यांशी एंड ग्रुप ने किया। अंबिका, प्राची, पूर्णिमा, मयंक, दिव्यांशी और शनि ने एकल नृत्य प्रस्तुत किए गए। एकल गायन की प्रस्तुति शानू, अक्षिता, सुमित, निखिल और माधव ने दी। माधव एंड ग्रुप ने समूह गायन किया। छात्र निखिल उपाध्याय और छात्रा दिव्यांशी श्रीवास्तव ने विचार रखे।