डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने स्नातक-परास्नातक के विषम सेमेस्टर की परीक्षा फाॅर्म भरने की तिथि बढ़ा दी है। अब छात्र 15 नवंबर तक फॉर्म भर सकेंगे। बुधवार 11 नवंबर इसकी अंतिम तिथि थी, जिसके कारण करीब 40 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा फाॅर्म भरने से वंचित रह गए थे।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत स्नातक स्तर के बीए, बीएससी, बीकॉम, बीकॉम वोकेशनल प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर और परास्नातक स्तर के एमए, एमएससी, एमकॉम प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं नवंबर-दिसंबर में परीक्षाएं होंगी। इसके लिए परीक्षा फाॅर्म भरे जा रहे हैं। इसमें अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब 15 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के परीक्षा फाॅर्म भर सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि छात्र हित में कुलपति के निर्देश पर ये निर्णय लिया गया है। तय तिथि तक छात्र-छात्राएं परीक्षा फाॅर्म जरूर भर लें। इसके बाद तिथि आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
दो घंटे में हल करना होगा पेपर
इस बार विषम सेमेस्टर की परीक्षा है जो लिखित प्रारूप में होंगी। प्रश्नपत्र तीन श्रेणी में होगा। पहली में 20 अंकों के 10 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। सभी अनिवार्य होंगे। दूसरी श्रेणी में आठ लघु उत्तरी प्रश्न होंगे, जिसमें से पांच हल करने होंगे। प्रत्येक प्रश्न पांच अंक का है। तीसरी श्रेणी में पांच दीर्घ उत्तरी प्रश्न होंगे। इनमें से कोई दो करने होंगे। एक प्रश्न 15 अंकों का होगा। कुल 75 अंकों को प्रश्नपत्र होगा, जिसे हल करने के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। तीन पालियों में परीक्षा होगी, पहली पाली सुबह 8 से 10, दूसरी 11 से दोपहर 1 बजे और तीसरी पाली दोपहर 2 से अपराह्न 4 बजे तक संचालित रहेगी।