28 मई फीस जमा करने की आखिरी तारीख
परीक्षा समिति के समन्वयक प्रो. मनु प्रताप सिंह ने बताया कि 23 मई को सम सेमेस्टर की परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कराते हुए निदेशकों और विभागाध्यक्षों को लिंक दे दिया जाएगा, यह जिन छात्र-छात्राओं का सत्यापन करके रिपोर्ट देंगे, उनको ही फॉर्म भरने का विकल्प दिया जाएगा। 28 मई फीस जमा करने की आखिरी तारीख निर्धारित की गई है। सम सेमेस्टर की अनुमानित तारीख 10 जून 2022 है। विभागों से पाठ्यक्रमों की स्थिति और परीक्षा की अनुमानित तारीख मांगी जाएगी।
ऑनलाइन ली जाएगी उपस्थिति
इस बार सभी विभागों को आंतरिक मूल्यांकन के बाद अंक परीक्षा समाप्त होने के एक हफ्ते के अंदर विश्वविद्यालय के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन भरना होगा। परीक्षा में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ऑनलाइन ली जाएगी।
प्रवेश बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेगा विश्वविद्यालय
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर के संस्थानों और विभागों में प्रवेश बढ़ाने के लिए इस बार सोशल मीडिया का सहारा लिया जाएगा। संस्थानों व विभागों में संचालित होने वाले पाठ्यक्रमों, प्रवेश की प्रक्रिया, फीस आदि की जानकारी से संबंधित डिजिटल पोस्टर, वीडियो क्लिप, पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) फेसबुक, इंस्ट्राग्राम, व्हाट्सएप ग्रुपों में डाला जाएगा।
मांगी गई पीपीटी
प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो. मनु प्रताप ने बताया कि विभागाध्यक्षों और निदेशकों से उनके यहां संचालित होने वाले पुराने और नए पाठ्यक्रमों की पीपीटी मांगी गई है। शैक्षणिक सत्र 2022-23 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत जिन विभागों की ओर से बीए, बीएससी, बीकॉम के पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं, उनके भी प्रवेश विश्वविद्यालय की पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप ही होगी। ब्यूरो
जून के पहले सप्ताह से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी
प्रवेश समिति के समन्वयक ने बताया कि विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर के संस्थानों और विभागों में प्रवेश की प्रक्रिया जून के पहले सप्ताह से शुरू करने की योजना है। विश्वविद्यालय प्रशासन को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। हालांकि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत जिन नए पाठ्यक्रमों का संचालन किया जाना है, उनको विद्या परिषद और कार्य परिषद में मंजूरी मिलनी है। ब्यूरो