डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के चारों कैंपस के 19 विभागों में 80 गेस्ट फैकल्टी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है। इच्छुक अभ्यर्थी 25 अक्तूबर तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के चारों कैंपस में गेस्ट फैकल्टी की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय के 19 विभागों में 80 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 25 अक्तूबर तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विज्ञापन
नोडल प्रभारी प्रो. शरदचंद उपाध्याय ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों का एकेडमिक परफॉर्मेंस इंडिकेटर (एपीआई) स्कोर निर्धारित मानकों के आधार पर तैयार किया जाएगा। इसके बाद टेस्ट कराया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
एईडीपी कोर्स के लिए 15 को वॉक-इन इंटरव्यू
विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अप्रेंटिसशिप एंबेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी कोर्स) के तहत गेस्ट फैकल्टी और इंस्ट्रक्टर के पैनल में शामिल होने के लिए 15 अक्तूबर को वॉक-इन इंटरव्यू भी आयोजित किए जाएंगे। यह खंदारी परिसर स्थित विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस में होंगे। इसके लिए अभ्यर्थियों को 14 अक्तूबर तक आवेदन फॉर्म और संबंधित दस्तावेज ईमेल के माध्यम से भेजने होंगे।
विज्ञापन
एनीमेशन एंड वीएफएक्स के लिए सुबह 10 बजे, यूनिवर्सिटी इंस्ट्रूमेंटेशन सेंटर और ऑप्टिकल इंस्ट्रूमेंटेशन लैब में इंस्ट्रक्टर पदों के लिए सुबह 11 बजे, कॉमर्स (बीएफएसआई) के लिए दोपहर 12 बजे और मैनेजमेंट (लॉजिस्टिक्स व रिटेल/ऑपरेशंस) के लिए दोपहर 12:30 बजे इंटरव्यू निर्धारित हैं। आवेदन के साथ 1,000 रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा। अभ्यर्थियों के शिक्षण कौशल का आकलन ब्लैकबोर्ड और पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से किया जाएगा। इंटरव्यू के समय मूल प्रमाणपत्र और स्वप्रमाणित छायाप्रतियों का एक सेट लाना अनिवार्य है। यह पैनल शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अस्थायी आधार पर तैयार किया जाएगा।
20 अक्तूबर तक भर सकेंगे एलएलबी और बीए एलएलबी पुनः परीक्षा के फॉर्म
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने एलएलबी और बीए एलएलबी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को राहत देते हुए पुनः परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश ने बताया कि एलएलबी प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष तथा बीए एलएलबी प्रथम से पंचम वर्ष तक के विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। एलएलबी द्वितीय व तृतीय वर्ष और बीए एलएलबी द्वितीय से पंचम वर्ष के पात्र विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से संबंधित कॉलेज से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, एलएलबी और बीए एलएलबी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म समर्थ पोर्टल पर समर्थ आईडी के माध्यम से संबंधित कॉलेज भरेंगे।