आगरा में अवैध पार्किंग, अतिक्रमण, बसों के सड़क पर ठहराव और मेट्रो निर्माण के चलते प्रमुख रास्तों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। कई जगह एक मिनट का सफर तय करने में 25 से 30 मिनट तक लग रहे हैं, जबकि सुबह-शाम लगने वाले जाम से लोग परेशान हैं।
शहर की सड़कों पर मुश्किल डगर से सफर तकलीफ में निकल रहा है। कहीं अवैध पार्किंग तो कहीं अतिक्रमण का जाल परेशान कर रहा है। विभागों की मनमानी से कई रास्तों पर 1 मिनट की दूरी तय करने में 25 से 30 मिनट तक लग रहे हैं। सुबह-शाम जाम की परेशानी के बाद भी अफसरों की नींद नहीं टूट रही है।
विज्ञापन
यह हाल किसी एक रास्ते का नहीं है बल्कि एमजी रोड से लेकर हाईवे और प्रमुख रास्तों का है। हाईवे पर सड़क घेरकर वाहन खड़े होने से जाम की समस्या है। बसों के ठहराव से लाइन लग रही है। एमजी रोड के रावली और हरीपर्वत पर मेट्रो के काम से जाम लग रहा है। लोहामंडी, शाहगंज, बोदला, फव्वारा में भी 50 मीटर की दूरी ऑटो और ई-रिक्शा खड़े होने का पालन नहीं हो रहा। मदिया कटरा से दिल्ली गेट की तरफ आने वाले रास्ते पर हॉस्पिटल, लैब के बाहर वाहनों की पार्किंग से वाहन फंस रहे हैं।
आप भी दे सकते हैं जानकारी
अमर उजाला ने ऑपरेशन ट्रैफिक शुरू किया है। इसके तहत शहर के प्रमुख चौराहों पर टीम रोजाना पड़ताल करेगी। बिगड़ी हुई यातायात व्यवस्था को सामने लाएगी। इसके लिए अमर उजाला रिपोर्टर के मोबाइल नंबर 7906877703 पर वॉट्सएप कर जानकारी दे सकते हैं।
विज्ञापन
हाईवे पर सर्विस रोड बंद, दूसरी ओर से भी लौटाया
बुधवार सुबह 10 बजे मेट्रो निर्माण के लिए आईएसबीटी फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड बंद कर दी गई। दूसरी ओर से आईएसबीटी स्टेशन के पास वाहनों के दबाव के कारण यातायात पुलिस ने खंदारी की ओर से आने वाले दो पहिया वाहनों को लौटाना शुरू कर दिया। इससे ट्रांसपोर्ट नगर पर भी जाम लग गया। फ्लाईओवर के नीचे भी सैकड़ों राहगीर परेशान हुए। आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन के बाहर हाईवे पर मथुरा की ओर से आने और जाने वाली बसों के चालक हाईवे पर बस खड़ी कर सवारी भरते हैं।
हरीपर्वत चौराहे पर घूमकर निकल रहे वाहन
बुधवार दोपहर में 2 बजे हरीपर्वत चौराहे पर भीषण जाम लग गया। एमजी रोड पर मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। हरीपर्वत पर एक लेन पर रास्ता बंद कर दिया गया। सूरसदन की ओर से सेंट जोंस की ओर जोन के लिए वाहनों को पहले एमडी जैन की ओर मोड़ा जाता है। बाद में चौराहे पर बाएं हाथ पर मुड़कर निकलते हैं। इस व्यवस्था के कारण जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्कूलों की छुट्टी के समय वाहन फंस रहे हैं। इसके अलावा छीपीटोला पर ई रिक्शा, आईएसबीटी पर बस और अबुल उलाह दरगाह पर मेट्रो के वाहन के काम करने की वजह से जाम लग गया।
शहर में यहां होती है जनता परेशान
. सिकंदरा
. गुरुद्वारा गुरु का ताल
. खंदारी
. भगवान टॉकीज
. वॉटर वर्क्स
. रामबाग
. बोदला
. लोहामंडी
. शाहगंज
. फव्वारा
. हरीपर्वत
. रावली
. बिजलीघर
. छीपीटोला
एडीसीपी ट्रैफिक अलका सिंह ने बताया कि आईएसबीटी पर बस खराब हो गई थी। अबुल उलाह दरगाह पर मेट्रो के पिलर बनाने के लिए चार दिन के लिए डायवर्ट किया गया है। यहां पर एक मशीन के कार्य करने से जाम की समस्या रही। शहर में वाहनों की अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के लिए नगर निगम से पत्राचार किया जा रहा है। निगम के अधिकारियों ने कुछ जगह चिह्नित की है। यहां पर जल्द संयुक्त टीम की ओर से अभियान चलाएंगे।