ताजमहल का दीदार करने के लिए अब आपको अपनी जेब ढीली करनी होगी। संस्कृति मंत्रालय अप्रत्याशित रूप से ताजमहल के प्रवेश टिकट में 7 गुना की बढ़ोतरी करने जा रहा है।
ताज में प्रवेश के लिए 50 रुपये और मुख्य गुंबद में शाहजहां-मुमताज की कब्रें देखने के लिए 200 रुपये चुकाने होंगे। एक अप्रैल से ताज की प्रवेश टिकट की दरें बढ़ जाएंगी।
आगरा में सर्किट हाउस में हुई बैठक के बाद संस्कृति मंत्री डा. महेश शर्मा ने नई दरों का एलान किया। नई व्यवस्था में तीन घंटे तक टिकट की मियाद होगी। 48 घंटों में इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी जाएगी।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री डा. महेश शर्मा ने सर्किट हाउस में बैठक के बाद अमर उजाला को बताया कि नेशनल एनवायरमेंट इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (नीरी) ने ताज में स्टेप टिकटिंग की सिफारिश की है।
संस्कृति मंत्री डा. महेश शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
इसलिए भीड़ का दबाव कम करने के लिए मुख्य गुंबद पर अलग से टिकट लगाया जाएगा। ताज में अभी एएसआई का टिकट 30 रुपये है जो एक अप्रैल से 50 रुपये का हो जाएगा।
इसके अलावा 200 रुपये मुख्य गुंबद में शाहजहां मुमताज की कब्र देखने के लिए चुकाने होंगे। पर्यटक 50 रुपये में केवल चमेली फर्श तक ही जा सकेंगे।
सीढ़ियों से ऊपर गुंबद पर जाने के लिए उन्हें 200 रुपये का टिकट लेना होगा। एडीए का पथकर जोड़ने के बाद ताज में एक अप्रैल से पर्यटकों को 60 रुपये प्रवेश को, 210 रुपये मुख्य गुंबद के लिए चुकाने होंगे।
दक्षिणी गेट से प्रवेश बंद, केवल निकासी
ताज महल
- फोटो : SELF
आईबी के इनपुट में ताजमहल के दक्षिणी गेट से सुरक्षा के मद्देनजर खतरा देखते हुए संस्कृति मंत्रालय ने तय किया है कि दक्षिणी गेट से आम पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।
केवल पर्यटकों की निकासी इस गेट से होती रहेगी। इस गेट को पहले बंद करने के लिए संस्कृति मंत्रालय ने तैयारी की थी, लेकिन इमरजेंसी और भीड़ ज्यादा होने के मद्देनजर सीआईएसएफ ने इस गेट को जरूरी बताया था।
ऐसे में तय किया गया है कि दुकानदारों की रोजी रोटी देखते हुए गेट को खोला जाए। वहीं पहले चरण में एक अप्रैल से ताजमहल में अंदर प्रवेश के लिए 50 रुपये और मुख्य गुंबद के लिए 200 रुपये चुकाने होंगे।
उद्यमियों से मांगा सुझाव
संस्कृति मंत्री डा. महेश शर्मा ने वीक एंड पर शनिवार-रविवार को 50 रुपये का टिकट 100 रुपये करने के सुझाव पर उद्यमियों की राय मांगी है। उनके मुताबिक भीड़ होने पर ताज का टिकट इन दोनों ही दिन दो गुना कर दिया जाएगा। हालांकि इस पर फैसला अभी होना बाकी है।
ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट पर टर्न स्टाइल गेट लगाकर प्रवेश देने के लिए संस्कृति मंत्री डा. महेश शर्मा ने एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद डा. भुवन विक्रम को 31 मार्च तक का वक्त दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द दोनों गेटों पर व्यवस्था लागू कर दी जानी चाहिए।