आगरा के थाना कागारौल के गांव नगला परिमाल के दो घरों को चोरों ने निशाना बनाया। चोर दोनों घरों से लगभग एक करोड़ रुपए के सोने चांदी के आभूषण और नगदी ले उड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों ही वारदातों में जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत अकोला के मजरा नगला परिमाल निवासी मुकेश कुमार पुत्र अर्जुन सिंह रोडवेज में बाबू के पद पर कार्यरत हैं। वे शाम को ड्यूटी पर चले गए थे। मुकेश की पत्नी पूनम, बेटी अर्पिता, बेटा आकाश और बंटी ऊपर की मंजिल में एक कमरे में सो रहे थे। रात को उनकी पत्नी लगभग 1:30 बजे लघुशंका उठीं तो दरवाजों के ताले टूटे और खुले हुए मिले तो देखकर दंग रह गईं। उन्होंने घर में देखा सभी ताले और दरवाजे खुले हुए हैं। घर का सारा सामान बिखरा हुआ पड़ा देखकर पता लगा घर में चोरी हो गई है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई।
वहीं करीब 200 मीटर दूर अशोक चाहर पुत्र रविंद्र सिंह हवलदार को भी चोरों ने निशाना बनाया। अशोक चाहर ने बताया कि रोजाना की तरह वह अपने पत्नी प्रवीना और बेटा सुभांशु के साथ कमरे में सो रहे थे। लगभग 2:00 बजे उनके चाचा हवलदार लक्ष्मण सिंह ने फोन कर बताया कि पड़ोस में मुकेश के घर में चोरी हो गई है, तो वह अपने कमरे से बाहर निकले तो देखा कि उनके घर के सारे दरवाजे खुले हुए हैं। बगल वाले कमरे का दरवाजा खुला देखकर कमरे में घुसकर देखा तो अलमारी का लॉक टूटा पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस उनके घर भी पहुंच गई।