एसएन मेडिकल कॉलेज के कार्डियोथोरेसिक और वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग में ओपन हार्ट सर्जरी के लिए मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। अब तक 19 लोग ऑपरेशन के लिए पंजीकरण करा चुके हैं, मेडिकल जांच के आधार पर तारीखें दी जा रही हैं। इससे मरीजों को भी परेशानी हो रही है।
कार्डियोथोरेसिक और वैस्कुलर सर्जरी (सीटीवीएस) विभाग के डॉ. सुशील सिंघल ने बताया कि अभी तक दो सर्जरी हो चुकी है। 19 का पंजीकरण हो गया है। इनमें से तीन मरीजों की जांच कराई गई थी, जिसमें वह अनफिट पाए गए हैं। इनकी किडनी, हृदय का आकार बढ़ा होने समेत अन्य की परेशानी मिली, इसके चलते इनके ऑपरेशन नहीं हो सकते हैं। इनका दवाओं से उपचार किया जा रहा है।
अन्य का पंजीकरण करने के बाद उनकी सुविधानुसार ऑपरेशन की तिथि दी जा रही है। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि आयुष्मान कार्ड योजना के यहां पर निशुल्क सुविधा मिल रही है। ओपन हार्ट सर्जरी के लिए मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। ये बेहद गंभीर ऑपरेशन हैं, चिकित्सकीय जांच में फिट होने के बाद ही ऑपरेशन संभव है।
ओपीडी में भी बढ़ रहे मरीज
सीटीवीएस विभाग के डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि ओपीडी में भी नस संबंधी, ओपन हार्ट संबंधी मरीजों की संख्या बढ़ रही है। औसतन रोजाना 30 मरीज आ रहे हैं। इसमें मरीजों की बीमारियों की जांच करने के बाद ऑपरेशन के लिए पंजीकरण किया जाता है। कई ऐसे भी मरीज हैं जो हालत गंभीर होने के बाद दिखाने पहुंच रहे हैं।