आगरा के धनौली और टेढ़ी बगिया में करीब पांच करोड़ रुपये की नामी कंपनियों की दवाएं बरामद होने के मामले में पांच कंपनियों ने औषधि विभाग के नोटिस का एक सप्ताह बाद भी जवाब नहीं दिया है। विभाग ने अब कंपनियों को रिमाइंडर भेजे हैं।
आगरा के धनौली और टेढ़ी बगिया में बरामद करीब पांच करोड़ रुपये की नामी कंपनियों की दवाओं के मामले में जांच सुस्त पड़ गई है। औषधि विभाग द्वारा भेजे गए नोटिस का एक सप्ताह बाद भी कंपनियों की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर अब विभाग ने रिमाइंडर भेजना शुरू किया है।
विज्ञापन
धनौली के अवैध गोदाम और टेढ़ी बगिया में नाले-झाड़ियों में नामी कंपनियों की दवाएं बरामद की। ये करीब पांच करोड़ रुपये की हैं। जांच में ये देश-विदेश की पांच नामी कंपनियों की दवाएं मिली। इन कंपनियों को मेल के जरिये दवाओं के बैच नंबर, एक्सपायरी डेट, क्यूआर कोड समेत अन्य की रिपोर्ट भेजी। इसमें पूछा गया था कि ये दवाएं संबंधित कंपनी की हैं। है तो कहां बेची गईं।
अगर नहीं हैं तो इसकी रिपोर्ट दें। सप्ताह भर होने पर भी कंपनियों की ओर से जवाब नहीं आया है। औषधि निरीक्षक आशुतोष मिश्रा का कहना है कि कंपनियों से दवाओं के संदर्भ में कोई जवाब नहीं आया है। इससे इनको रिमाइंडर दे रहे हैं। लैब में इनकी जांच में अभी दो सप्ताह का समय लग सकता है।