आगरा के यमुनापार में चांदी के तार चपटा करने के नाम पर 119 किलोग्राम चांदी की शुद्धता (टंच) घटाकर लाखों की हेराफेरी करने के आरोप में एत्माद्दौला थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की है। रामबाग के रामनगर निवासी कारीगर बलराम की शिकायत पर नगला बालचंद निवासी अंशुल कुशवाहा के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने की धाराएं लगाई गई हैं।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बलराम चांदी की पायल, चेन और हैंडमेड ब्रेसलेट बनाने की मजदूरी करते हैं। 16 जून से 31 जुलाई के बीच उन्होंने और चार अन्य कारीगरों ने तार चपटा करने के लिए अंशुल को 65 फीसदी टंच की कुल 119 किलो चांदी दी थी। इसमें बलराम की 60 किलो, आशू की 25 किलो, विष्णु राठौर की 22 किलो, रवि चौहान की 20 किलो और विमल भट्ट की 12 किलो चांदी शामिल थी।
वापस मिले चपटे तारों की जब व्यापारियों ने जांच कराई, तो चांदी की शुद्धता घटकर महज 29 से 33 फीसदी रह गई। हेराफेरी का पता चलने पर सभी पीड़ित 2 अगस्त को सुबह अंशुल के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि अंशुल ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और खुद ही टंच बदलने की बात स्वीकार की थी।
पुलिस की अनदेखी पर ली कोर्ट की शरण
पीड़ितों का आरोप है कि स्थानीय थाने में सुनवाई न होने पर 20 अगस्त को पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की गई। 21 अगस्त को पुलिस आयुक्त कार्यालय में प्रार्थनापत्र देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन लोगों ने न्यायालय की शरण ली।
एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि मामले में अंशुल कुशवाहा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।