कोरोना वायरस को मात देकर आए आगरा के जूता कारोबारी का परिवार अब पूरी तरह से ठीक है। वो लोगों से अपील कर रहे हैं कि विदेश यात्रा से लौटे हैं तो इसकी जानकारी छिपाएं नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसा न करने से सभी को खतरा है। जिम्मेदारी समझते हुए विदेश यात्रा करने वाले लोग खुद ही जांच कराने की पहल करें। अपने और दूसरों के लिए लॉकडाउन का गंभीरता से पालन करें।
खंदारी क्षेत्र में रहने वाले जूता कारोबारी अशोक कपूर के बेटे अमित कपूर का कहना है कि कोरोना वायरस से घबराएं नहीं, लेकिन लापरवाह भी मत रहिए। लॉकडाउन में बेवजह घर से नहीं निकलें। अभी हालात पूरी तरह से नियंत्रित हैं। लापरवाही बरती तो यह संभालना मुश्किल होगा।
उन्होंने कहा कि अभी तो जांच और इलाज का पूरा इंतजाम सरकार कर रही है। अगर सरकार के निर्देशों को अमल में नहीं लाए तो इलाज प्राइवेट में कराना पड़ा तो स्थिति पैसा भी खर्च करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विदेश यात्रा से लौटे लोगों से ही यह बीमारी फैल रही है, तो इसकी गंभीरता को समझें।