संगमरमरी ताजमहल के साये में फोटो खिंचवाना हर किसी की चाहत होती है। ताज के अलग-अलग एंगिल से फोटो खिंचवाने वालों में होड़ सी लगी रहती है।
फोटोग्राफी के शौकीनों को ताज बैराज के रूप में एक और नया ठिकाना मिलने वाला है। यहां से नदी के घुमाव के साथ ताजमहल का फोटो मनमोहक नजर आएगा। यहां सेल्फी प्वाइंट भी बनाने पर विचार चल रहा है।
कल-कल करती कालिंदी, किनारे आकर्षित करता दूधिया ताजमहल, बीच में प्राकृतिक सौंदर्य के बीच फोटो खिंचवाने की तमन्ना ताज बैराज का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पूरी होगी।
दरअसल, ताज बैराज को ताजमहल से डेढ़ किमी आगे नगला पैमा में यमुना नदी पर बनाने का प्रस्ताव है। यहां यमुना नदी का काफी घुमाव है।
यहां से ताजमहल बेहद आकर्षक नजर आता है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों की मानें तो ताज बैराज की ऊंचाई काफी होगी। यहां ताजमहल काफी खूबसूरत नजर आता है।
चूंकि बैराज पर आवागमन की भी सुविधा होगी तो ऐसे में यह पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हो सकता है। यहां से ताजमहल के साथ खूबसूरत फोटो खींचे जा सकते हैं।
सीएम कर सकते हैं शिलान्यास
ऐसे में बैराज पर एक सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जा सकता है। हालांकि यहां कंट्रोल रूम के अलावा एक मीटिंग हॉल भी बनाया जाएगा। प्रस्तावित ताज बैराज की डीपीआर तैयार हो चुकी है। इसे शासन ने मंजूरी भी दे दी है।
सिंचाई विभाग ने योजना के शिलान्यास से पहले अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने के लिए विभिन्न विभागों में आवेदन भी कर दिया है। किसी भी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योजना का शिलान्यास कर सकते हैं।