आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में कागज कारोबारी ने अपने पूर्व मुनीम और उसके साथी पर ब्लैकमेलिंग, धमकी और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है।
महेंद्र एंक्लेव, वजीरपुरा रोड निवासी अर्जुन गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी फर्म मनोज एंड कंपनी पुराने कागज की खरीद-फरोख्त का कारोबार करती है। फर्म उनकी मां नीता गुप्ता के नाम से संचालित है। गोदाम नुनिहाई क्षेत्र में स्थित है। आरोप है कि जुलाई 2025 में सुल्तानगंज निवासी विपिन बिहारी दुबे फर्म में मुनीम रखा था। आरोप है कि जनवरी 2026 से उसने वेतन के अलावा अतिरिक्त रुपये मांगने शुरू कर दिए। फरवरी में उसे नौकरी से हटा दिया। इस पर उसने गाली-गलौज और धमकी दी। कुछ दिन बाद विपिन अपने साथी राज अग्रवाल उर्फ फरमान खान को गोदाम पर लेकर पहुंचा।
उसने खुद को मीडियाकर्मी बताते हुए कैमरे से वीडियो रिकॉर्डिंग की। मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। मीडिया, जीएसटी और फायर विभाग में पहुंच होने का भय दिखाकर मानसिक दबाव बनाया। आरोपियों ने गोदाम में आग लगवाने, गोली मरवाने और बच्चों के अपहरण तक की धमकी दी। डर और दबाव में आकर उसने करीब ढाई लाख रुपये तीन किश्तों में लिया। आरोप है कि बृहस्पतिवार को भी पांच लाख रुपये जबरन वसूले गए। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।