सप्ताह भर तक घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बाद सोमवार का दिन राहत जरूर लेकर आया लेकिन शीत लहर का प्रकोप मंगलवार को भी जारी रहा। सोमवार की तरह मंगलवार को भी धूप सुबह जल्दी खिली। हालांकि सर्द हवा चलती रही। मौसम विभाग ने आगे भी तेज हवाएं चलने के आसार जताए हैं।
ऐसे में आगरा में शीत लहर के चलते जिले के सभी विद्यालयों की छुट्टी दो दिन और बढ़ा दी गई है। अपर जिलाधिकारी नगर केपी सिंह के अनुसार, ठंड को देखते हुए 10 और 11 जनवरी को भी कक्षा आठ तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे।
यह आदेश सरकारी, कान्वेंट, पब्लिक स्कूलों सहित सभी स्कूलों पर लागू होगा। आदेश की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि पहाड़ों पर जारी बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में बर्फीली हवाओं का कहर बना हुआ है।