क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने के लिए ताजनगरी के लोगों की पहली पसंद गोवा और मुंबई बना हुआ है। टूर ऑपरेटर के यहां 22 दिसंबर से जनवरी तक की सबसे ज्यादा बुकिंग गोवा टूर की हैं।
अब जैसलमेर की सैंड ड्यून्स और टेंट कल्चर भी नवविवाहित जोड़ों को भाने लगा है। यही कारण है कि 20 दिसंबर से 10 जनवरी तक दक्षिणी राज्यों की ओर जाने वाली ट्रेनों में नो रूम और रिगरेट की स्थिति है।
क्रिसमस और नए साल को सेलिब्रेट करने के लिए शहर के लोगों ने दो माह पहले ही अपने टूर पैकेज बुक करवा लिए थे। अब भी लगातार डिमांड आ रही है। गोवा में गुनगुनी धूप में समुंदर के किनारे मौज मस्ती और सेलिब्रेशन के लिए लोग वहां जाना पसंद करते हैं।
बड़ी संख्या में गोवा पहुंचे हैं लोग
वहां 22 दिसंबर से क्रिसमस व न्यू ईयर सेलिब्रेशन शुरू हो जाता है। म्यूजिक कंसर्ट ‘सन बर्न’ शुरू हो जाता है। ताज एडवेंचर टूर के प्रोपराइराइटर आमिर बताते हैं कि आगरा से बड़ी संख्या में लोग गोवा में न्यू ईयर मनाने पहुंचते हैं।
विभिन्न टूर व ट्रेवल आपरेटर्स से अब तक गोवा के 800 से ज्यादा टूर बुक हो चुके हैं। इसके साथ ही अब जैसलमेर की फ्लाइट शुरू हो गई है। लोग जैसलमेर में सेंड ड्यू के बीच टेंटों में क्रिसमस व न्यू ईयर मनाने पहुंचते हैं।
इसके अलावा जोधपुर, उदयपुर भी लोगों की पसंद बने हुए हैं। आगरा से जाने वाली गोवा एक्सप्रेस, मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस, तमिलनाडु एक्सप्रेस, एसीएपी एक्सप्रेस, केरला व कर्नाटका एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिल पा रहे हैं।
गोवा के टूर सबसे ज्यादा
गोवा के तटों पर न्यू ईयर सेलिब्रेट करने को काफी लोग पहुंचते हैं। इस बार भी सबसे ज्यादा बुकिंग गोवा, मुंबई और केरल की हैं। जैसलमेर जाना भी लोगों को अब भाने लगा है। वहां की बुकिंग भी बढ़ गई हैं। -सुमित उपाध्याय, प्रोपराइटर, अकबरान टूर्स, आगरा
राजस्थान की ओर बढ़ा क्रेज
ताज ट्रेवल्स के अमित सिंह ने बताया कि आगरा से गोवा, राजस्थान और केरल, मुंबई में भी लोग न्यू ईयर मनाने जाते हैं। इस बार भी यहां की बुकिंग हैं। इसके साथ ही राजस्थान की ओर भी लोगों का क्रेज बढ़ गया है।